दिल्ली में भाजपा की दो दिवसीय राष्ट्रीय पदाधिकारी बैठक शुक्रवार से, 2027 चुनावों पर होगा मंथन
नई दिल्ली, 26 नवंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) आगामी 27 और 28 नवंबर को दिल्ली में पार्टी की दो दिवसीय राष्ट्रीय पदाधिकारी बैठक आयोजित करने जा रही है। दिल्ली के पूसा परिसर में होने वाली इस बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों, पार्टी की भविष्य की रणनीति और आगामी चुनावी तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा होगी। बैठक की अध्यक्षता बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन करेंगे।
इस महत्वपूर्ण बैठक में पार्टी के सभी 107 राष्ट्रीय पदाधिकारियों के अलावा विभिन्न राज्यों के प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश प्रभारी और संगठन महामंत्री शामिल होंगे। बैठक में संगठन को और मजबूत बनाने, राज्यों में पार्टी की गतिविधियों की समीक्षा करने और आगामी राजनीतिक चुनौतियों के मद्देनजर रणनीति तैयार करने पर विशेष जोर रहेगा।
भाजपा की इस बैठक का सबसे अहम एजेंडा वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों की तैयारियां माना जा रहा है। उत्तर प्रदेश, पंजाब समेत चुनावी राज्यों में पार्टी की संगठनात्मक स्थिति, चुनावी रणनीति और जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करने के उपायों पर चर्चा होने की संभावना है।
इसके अलावा राज्यों में पार्टी के कार्यक्रमों, संगठन विस्तार और केंद्र सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाने की रणनीति की भी समीक्षा की जाएगी। राष्ट्रीय पदाधिकारियों और प्रदेश नेतृत्व के बीच समन्वय मजबूत करने पर भी जोर रहेगा।
बैठक के दूसरे और अंतिम दिन यानी 28 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शामिल होने और पार्टी पदाधिकारियों को संबोधित करने की संभावना है। प्रधानमंत्री का संबोधन आगामी राजनीतिक और संगठनात्मक रणनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
वहीं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के भी बैठक में शामिल होने की संभावना है। उनके साथ संगठन और चुनावी तैयारियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हो सकती है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की अध्यक्षता में होने वाली यह बैठक भाजपा के संगठनात्मक एजेंडे के लिहाज से महत्वपूर्ण है। इसमें राष्ट्रीय नेतृत्व से लेकर प्रदेश स्तर के पदाधिकारी एक मंच पर जुटेंगे और पार्टी की आगामी प्राथमिकताओं पर विचार-विमर्श करेंगे।
कुल मिलाकर, 27 और 28 नवंबर को होने वाली इस बैठक को भाजपा की 2027 विधानसभा चुनावों की तैयारियों के लिए अहम रणनीतिक बैठक के तौर पर देखा जा रहा है। इसमें संगठन की मौजूदा स्थिति की समीक्षा के साथ आने वाले समय के लिए राजनीतिक दिशा और चुनावी रोडमैप तैयार करने पर जोर रहेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सौरव राय