उच्चतम न्यायालय की फटकार के बाद भाजपा ने ममता का मांगा इस्तीफा

 


नई दिल्ली, 22 अप्रैल (हि.स.)।भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कोयला घोटाले की जांच करने गए अधिकारियों को रोकने के मामले में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को सुप्रीम कोर्ट की कड़ी फटकार के बाद उनका इस्तीफा मांगा है। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने बुधवार को पार्टी मुख्यालय में पत्रकार वार्ता में कहा कि पश्चिम बंगाल में जंगलराज और अराजकता का बोलबाला है और कानून-व्यवस्था पूरी तरह विफल है। न्यायालय की टिप्पणी के बाद ममता को अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए। मुख्यमंत्री ने जिस प्रकार से न्यायिक अधिकारियों को बंधक बना कर उन्हें काम करने से रोका इस पर कोर्ट ने स्पष्ट कहा कि राज्य में इस तरह की अराजक व्यवस्था को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।

भाटिया ने कहा कि पश्चिम बंगाल में कानून व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है लेकिन ममता मस्त हैं। ममता ने जनता को ठगा है। राज्य की जनता त्रस्त है। जनता सोच नहीं सकती थी कि उनकी मुख्यमंत्री रक्षक से भक्षक बन गई है। उन्होंने कहा कि कल पश्चिम बंगाल में चुनाव है। राज्य की जनता इस बार बदलाव के लिए वोट करेगी।

उन्होंने कहा कि राज्य में संदेशखाली में जिस तरह से महिलाओं का उत्पीड़न होता रहा है, ममता ने कुछ नहीं किया। राज्य में महिलाएं असुरक्षित हैं। पश्चिम बंगाल की जनता तृणमूल कांग्रेस को इस बार सबक सिखाएगी।

उल्लेखनीय है कि उच्चतम न्यायालय ने आई-पैक ऑफिस में ईडी की रेड के दौरान मुख्यमंत्री बनर्जी के कथित हस्तक्षेप को 'लोकतंत्र के लिए खतरा' बताते हुए कड़ी फटकार लगायी। जस्टिस पीके मिश्रा की बेंच ने इसे केंद्र-राज्य का नहीं बल्कि व्यक्तिगत कृत्य का विवाद बताया। न्यायालय ने स्पष्ट किया कि कोई भी संवैधानिक पद पर बैठा व्यक्ति सिस्टम को चुनौती नहीं दे सकता।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी