लोकतंत्र व न्यायपालिका को डराने की कोशिश कर रही कांग्रेसः भाजपा
नई दिल्ली, 17 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर आरोप लगाया कि वह और उनके सहयोगी भीड़ की ताकत के जरिए लोकतंत्र और न्यायपालिका को डराने की कोशिश कर रहे हैं। भाजपा ने कांग्रेस के इतिहास का उल्लेख करते हुए पार्टी पर लोकतांत्रिक संस्थाओं को निशाना बनाने और राजनीतिक टकराव के लिए युवाओं का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया।
भाजपा के मुख्यालय प्रभारी एवं राज्यसभा सदस्य तरुण चुग ने शनिवार को एक बयान में
कहा कि परिवारवादी तानाशाही की राजनीति के तहत सुप्रीम कोर्ट, लोकतंत्र, चुनाव आयोग और देश की संवैधानिक संस्थाओं को धमकाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस तरह की राजनीति से देश में भय का माहौल पैदा करने की कोशिश हो रही है।
भाजपा सांसद चुग ने राहुल गांधी को कांग्रेस के इतिहास की याद दिलाते हुए कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में देश ने आपातकाल का दौर देखा है। उन्होंने 1984 के सिख विरोधी दंगों का उल्लेख करते हुए कहा कि उस दौरान कई शहरों में सिखों को जिंदा जलाया गया। चुग ने 1990 में अयोध्या में कारसेवकों की मौतों का भी जिक्र किया और कहा कि देश इन घटनाओं को भूला नहीं है।
चुग ने भोपाल गैस त्रासदी और बोफोर्स मामले का उल्लेख करते हुए भी कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि देश इन घटनाओं और विवादों को आज भी याद रखता है।
उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी और कांग्रेस लोकतांत्रिक विरोध के नाम पर देश के युवाओं को राजनीतिक टकराव का हिस्सा बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में विरोध करने का अधिकार है, लेकिन इसका इस्तेमाल राजनीतिक संघर्ष को बढ़ावा देने और संस्थाओं पर दबाव बनाने के लिए नहीं किया जाना चाहिए।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / सौरव राय