अयप्पा स्वामी मंदिर स्वर्ण चोरी प्रकरण पर कांग्रेस की चुप्पी के खिलाफ भाजपा केरल युवा मोर्चा का प्रदर्शन
नई दिल्ली, 27 फरवरी (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के केरल युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं ने दिल्ली में शुक्रवार को कांग्रेस नेतृत्व की कथित चुप्पी के विरोध में कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी के आवास के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन केरल के प्रसिद्ध सबरीमाला श्री भगवान स्वामी शरणम अयप्पा मंदिर से जुड़े कथित स्वर्ण चोरी प्रकरण को लेकर आयोजित किया गया।
प्रदर्शन का नेतृत्व पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने किया। इस दौरान उन्होंने मामले की उच्च स्तरीय, निष्पक्ष और पारदर्शी जांच की मांग उठाई। उनके साथ भाजपा युवा मोर्चा के राष्ट्रीय महामंत्री रोहित चहल और केरल युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष मनु प्रसाद सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए अनुराग ठाकुर ने कहा कि मंदिरों की संपत्ति करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। यदि मंदिर के स्वर्ण आभूषणों या संपत्ति में किसी प्रकार की अनियमितता या चोरी हुई है तो यह आस्था के साथ विश्वासघात है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस गंभीर मामले पर कांग्रेस की ओर से स्पष्ट प्रतिक्रिया नहीं आई है।
ठाकुर ने मांग की कि प्रकरण की केन्द्रीय जांच एजेंसी (सीबीआई) से उच्च स्तरीय स्वतंत्र जांच कराई जाए और जांच रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए तथा दोषियों के खिलाफ शीघ्र और कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही मंदिर संपत्तियों की सुरक्षा के लिए सुदृढ़ निगरानी तंत्र स्थापित करने की भी मांग की गई।
केरल युवा मोर्चा अध्यक्ष मनु प्रसाद ने कहा कि यह आंदोलन किसी व्यक्ति विशेष के विरुद्ध नहीं, बल्कि आस्था, पारदर्शिता और सुशासन के समर्थन में एक लोकतांत्रिक पहल है। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी की और दोषियों को कड़ी सजा देने की मांग दोहराई।
युवा मोर्चा ने चेतावनी दी कि यदि मामले में पारदर्शी जांच नहीं हुई तो देशव्यापी जनजागरण अभियान चलाया जाएगा। सुरक्षा के व्यापक इंतजामों के बीच प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी