नितिन नवीन 17-18 सितंबर को मप्र दौरे पर, शिप्रा आरती और महाकाल की भस्म आरती में हाेंगे शामिल
भोपाल, 15 सितंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन 17 और 18 सितंबर को मध्यप्रदेश के दो दिवसीय प्रवास पर रहेंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद उनका यह पहला मप्र का दौरा होगा। इस दौरान वे इंदौर और उज्जैन में विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत उज्जैन के रामघाट पर आयोजित कार्यक्रम में भी वे हिस्सा लेंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार नितिन नवीन 17 सितंबर को दोपहर 1:45 बजे इंदौर के देवी अहिल्याबाई होल्कर विमानतल पहुंचेंगे। इसके बाद दोपहर 2:55 बजे गांधी नगर ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होकर स्वामित्व योजना के अंतर्गत नई राज्यव्यापी पंजीयन प्रक्रिया का शुभारंभ करेंगे। इंदौर के स्थानीय कार्यक्रमों में शामिल होने के बाद वे शाम करीब 5:05 बजे उज्जैन पहुंचेंगे।
रामघाट पर शिप्रा आरती और ‘आशीर्वाद का दीया’
उज्जैन पहुंचने के बाद शाम करीब 6:45 बजे नितिन नवीन रामघाट जाएंगे। यहां वे मां शिप्रा की आरती में शामिल होने के साथ ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रज्ज्वलित करेंगे। इसके बाद रात 8 बजे रामघाट पर आयोजित भजन संध्या में भी शामिल होंगे। रात्रि विश्राम उज्जैन में करेंगे।
महाकाल की भस्म आरती में होंगे शामिल
अगले दिन 18 सितंबर को नितिन नवीन अलसुबह श्री महाकालेश्वर मंदिर पहुंचेंगे और भस्म आरती में शामिल होकर बाबा महाकाल के दर्शन-पूजन करेंगे। इसके बाद सुबह करीब 9:30 बजे उज्जैन से इंदौर के लिए रवाना होंगे। करीब 10 बजे इंदौर विमानतल से पंजाब के लिए प्रस्थान करेंगे।
राष्ट्रीय अध्यक्ष के प्रवास को लेकर भाजपा संगठन ने दोनों शहरों में तैयारियां की हैं। प्रशासन और पुलिस की ओर से भी कार्यक्रम स्थलों और उनके आवागमन को लेकर सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे