नितिन के दौरे से पहले बंगाल भाजपा में बड़ा फेरबदल: अभिनेत्री अंजना बसु बनीं महिला मोर्चा की नई अध्यक्ष, कई दिग्गजों को पद से हटाया गया

 

कोलकाता, 25 सितंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के पश्चिम बंगाल दौरे से ठीक दो दिन पहले राज्य इकाई ने संगठन में बड़ा फेरबदल किया। 'एक व्यक्ति, एक पद' की नीति को सख्ती से लागू करते हुए कई मंत्रियों और बड़े चेहरों को राज्य कमेटी के अहम पदों से हटा दिया गया जबकि महिला मोर्चा और युवा मोर्चा के अध्यक्ष भी बदल दिए गए हैं। साथ ही सात संगठनात्मक जिलों में नए अध्यक्षों की नियुक्ति की गई है।शमीक भट्टाचार्य के प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद से ही नई कमेटी के गठन का सिलसिला चल रहा है। पिछले कुछ दिनों में उपाध्यक्ष, महासचिव, सचिव और मीडिया एवं आईटी सेल के प्रभारियों की घोषणा की गई थी। गुरुवार को अमिताभ चक्रवर्ती को प्रदेश महासचिव(संगठन) के पद पर बरकरार रखने का फैसला भी लिया गया। इसके बाद शुक्रवार को पार्टी के महत्वपूर्ण मोर्चों और जिला कमेटियों में भी व्यापक बदलाव किए गए।

अंजना बसु बनीं महिला मोर्चा की नई अध्यक्षपार्टी ने फाल्गुनी पात्रा को हटाकर प्रसिद्ध बंगाली टेलीविजन अभिनेत्री अंजना बसु को प्रदेश महिला मोर्चा की नई अध्यक्ष नियुक्त किया है। अंजना 2021 के विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा में शामिल हुई थीं। चुनाव में हार के बाद उनके पार्टी से दूरी बनाने की अटकलें थीं, लेकिन हाल ही में उनकी सक्रियता फिर से बढ़ी है। कुछ महीने पहले उन्हें केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (सेंसर बोर्ड) का सलाहकार सदस्य और हाल ही में कोलकाता के एक कॉलेज की प्रबंध समिति का अध्यक्ष भी बनाया गया था। इसके साथ ही, फाल्गुनी पात्रा को अब राज्य इकाई में उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है।

प्रदेश युवा मोर्चा के अध्यक्ष पद से इंद्रनील खां की विदाई हो गई है। वह अब राज्य सरकार में मंत्री हैं, इसलिए 'एक व्यक्ति, एक पद' नियम के तहत उन्हें इस जिम्मेदारी से मुक्त किया गया है। उनकी जगह आमता से भाजपा विधायक अमित सामंत को युवा मोर्चा का नया अध्यक्ष बनाया गया है, जो पिछली कमेटी में महासचिव के पद पर काम कर चुके हैं।

नई रणनीति के तहत जगन्नाथ चट्टोपाध्याय, अग्निमित्रा पाल और दीपक बर्मन जैसे नेताओं को उपाध्यक्ष पद से हटा दिया गया है, क्योंकि वे अब मंत्री पद पर हैं। इसी तरह, मंत्री शंकर घोष को भी राज्य सचिव के पद से मुक्त कर दिया गया है। हालांकि, सबसे ज्यादा चर्चा जादवपुर की विधायक शर्बरी मुखर्जी को सचिव पद से हटाए जाने को लेकर है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, उनके निर्वाचन क्षेत्र में उनकी कार्यशैली को लेकर संगठन के भीतर लगातार आपत्तियां उठ रही थीं, जिसके कारण उन्हें पद से हटाना पड़ा।

इस नई सांगठनिक सूची में केंद्रीय पर्यवेक्षक सुनील बंसल का प्रभाव स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है। राज्य में 'बूथ सशक्तीकरण अभियान' में उनके साथ काम करने वाले कई नेताओं को महत्वपूर्ण पद दिए गए हैं। प्रबाल राहा को पहले ही उपाध्यक्ष और शशि अग्निहोत्री को महासचिव बनाया जा चुका है। शुक्रवार की सूची में रमापद दास को उपाध्यक्ष, जबकि नीलांजन अधिकारी और शंकर चक्रवर्ती को राज्य सचिव बनाया गया है। युवा मोर्चा के नए अध्यक्ष अमित सामंत भी सुनील बंसल के करीबी माने जाते हैं।

सात नए जिला अध्यक्षपार्टी ने राज्य के सात संगठनात्मक जिलों में नए अध्यक्षों की भी घोषणा की है। इनमें बनगांव से नृपेन विश्वास, बारासात से दीपांकर चक्रवर्ती, श्रीरामपुर से शशि सिंह, आरामबाग से प्रशांत दिगार, मेदिनीपुर से सौमेन तिवारी, बर्दवान से आशीष पाल और कटवा से माणिक रॉय को नया जिला अध्यक्ष बनाया गया है।आगामी चुनावों को देखते हुए संगठन को चुस्त-दुरुस्त करने की दिशा में भाजपा के इस बड़े फेरबदल को रणनीतिक लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है।------------

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर