देश की आर्थिक बुनियाद आलोचकों की कल्पना से कहीं अधिक मजबूतः भाजपा
नई दिल्ली, 05 जून (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने जीडीपी वृद्धि दर 7.7 प्रतिशत रहने के अनुमान पर संतोष जाहिर करते हुए कांग्रेस की आलोचना की है। भाजपा ने कहा कि जिन लोगों ने महीनों तक भारत में आर्थिक मंदी की भविष्यवाणी की थी, उनके लिए वित्त वर्ष 2025-26 में जीडीपी वृद्धि दर 7.7 प्रतिशत रहने का अनुमान है, जो पहले 7.1 प्रतिशत थी।
भाजपा प्रवक्ता जफर इस्लाम ने यहां पत्रकारों से कहा कि यह ईरान संघर्ष, टैरिफ युद्ध और वैश्विक अनिश्चितता के बावजूद संभव हुआ है। एक बार फिर, हमारी आर्थिक बुनियाद आलोचकों की कल्पना से कहीं अधिक मजबूत साबित हुई है। मोदी सरकार में विकास को नीति-निर्माण के केंद्र में रखा गया है।
कई महीनों तक हमें बताया गया कि भारतीय अर्थव्यवस्था धीमी पड़ रही है, उसकी गति धीमी हो रही है। नवीनतम जीडीपी अनुमान एक अलग ही कहानी बयां करते हैं।
जफर इस्लाम ने कहा कि वित्त वर्ष 2025-26 में विकास दर 7.7 प्रतिशत रहने का अनुमान है, जो पिछले वर्ष के 7.1 प्रतिशत से अधिक है। यह प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में नीतिगत निरंतरता और आर्थिक प्रबंधन का प्रतिबिंब है। वित्त वर्ष 2025-26 में भारत की अर्थव्यवस्था के नाममात्र मूल्य के हिसाब से 346 लाख करोड़ रुपये तक पहुंचने का अनुमान है, जो लगभग 9 प्रतिशत की वृद्धि है। दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था और भी बड़ी और तेजी से विकसित हो रही है। इस रफ्तार से प्रधानमंत्री मोदी का विकसित भारत का सपना 2047 से पहले ही साकार हो सकता है।
उन्होंने कहा कि असल कहानी सिर्फ जीडीपी की नहीं है। भारत के सकल बाजार मूल्य (जीवीएसी) में पिछले साल के 7.3 प्रतिशत की तुलना में 7.9 प्रतिशत की वृद्धि का अनुमान है। युद्धों, शुल्कों और वैश्विक अनिश्चितता के बावजूद विनिर्माण, सेवाएं और उपभोग क्षेत्र लगातार आगे बढ़ रहे हैं। यह प्रधानमंत्री के नेतृत्व में वर्षों से किए गए सुधारों के माध्यम से निर्मित लचीलेपन का संकेत है।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी