भाजपा ने उमर अब्दुल्ला के बयान को बताया दुर्भाग्यपूर्ण
नई दिल्ली, 13 जुलाई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने जम्मू-कश्मीर को पूर्ण राज्य का दर्जा बहाल करने की मांग को लेकर मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के विरोध प्रदर्शन करने के बयान को दुर्भाग्यपूर्ण बताया है।
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुग ने सोमवार को मीडिया को जारी एक बयान कहा कि जम्मू-कश्मीर के मुद्दे को अंतरराष्ट्रीय बनाने के लिए किसी विदेशी नेता का नाम लेना उमर अब्दुल्ला की एक बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण और गलत कोशिश है। जम्मू-कश्मीर भारत का अभिन्न अंग है और इससे जुड़े किसी भी मामले का समाधान पूरी तरह से भारतीय संविधान और लोकतांत्रिक संस्थाओं के दायरे में ही होगा। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने कई बार राज्य का दर्जा बहाल करने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता स्पष्ट की है।
चुग ने कहा कि अनुच्छेद 370 हटने के बाद जम्मू-कश्मीर में लोकतंत्र, विकास, पर्यटन और सुशासन का एक नया दौर शुरू हुआ है। यह क्षेत्र विकास के नए आयाम छू रहा है। ये मोदी सरकार द्वारा स्थापित सेवा और विकास के बेहतरीन उदाहरण हैं। चुग ने कहा कि दूसरी ओर, जो लोग अपने ही घोषणापत्र से मुकर गए, हर मोर्चे पर विफल रहे और अपने वादे पूरे नहीं किए, वे अब जनता का ध्यान भटकाने के लिए झूठ का सहारा ले रहे हैं। ये वही लोग हैं जिन्होंने दशकों तक परिवारवाद और अलगाववाद की राजनीति के जरिए जनता को गुमराह किया।
उल्लेखनीय है कि उमर अब्दुल्ला ने राज्य का दर्जा बहाल करने में बेवजह देरी का आरोप लगा कर 20 जुलाई से नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर नेशनल कॉन्फ्रेंस के विरोध प्रदर्शनों के एक नए चरण की घोषणा की। उन्होंने सवाल किया कि राज्य का दर्जा वापस पाने के लिए उन्हें क्या करना होगा? उन्होंने कहा, क्या हमें राज्य का दर्जा पाने के लिए अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के पास जाना पड़ेगा?
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी