भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष ने पंजाब अध्यक्ष और महामंत्री को अचानक दिल्ली तलब किया

 

लुधियाना , 08 अगस्त (हि.स.)। पंजाब भाजपा में संगठनात्मक फेरबदल के बाद बढ़ती नाराजगी के बीच पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व ने प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों और प्रदेश संगठन महामंत्री श्रीनिवासुलु को शनिवार को अचानक दिल्ली तलब किया है। दोनों नेता लुधियाना में पंजाब भाजपा की नवगठित प्रदेश कार्यकारिणी और जिला अध्यक्षों की बैठकों में शामिल थे, लेकिन केंद्रीय नेतृत्व का संदेश मिलने के बाद बैठक बीच में छोड़कर दिल्ली के लिए रवाना हो गए।

लुधियाना में प्रदेश भाजपा की बैठक के बाद पंजाब में एसआईआर को लेकर भी एक बैठक प्रस्तावित थी। हालांकि ढिल्लों और श्रीनिवासुलु इस बैठक से पहले ही दिल्ली रवाना हो गए। दिल्ली में होने वाली बैठक का आधिकारिक एजेंडा सामने नहीं आया है। हालांकि भाजपा के एक वर्ग का मानना है कि नई प्रदेश कार्यकारिणी के गठन के बाद पार्टी के भीतर बढ़ते असंतोष पर चर्चा हो सकती है।

हाल ही में हुए संगठनात्मक फेरबदल से पंजाब भाजपा के कई वरिष्ठ नेता नाराज बताए जा रहे हैं। पूर्व मंत्री तीक्ष्ण सूद और उनके समर्थकों ने विरोध स्वरूप अपने पदों से इस्तीफा भी दिया है। पार्टी के दूसरे वर्ग का मानना है कि यह बैठक केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की पंजाब भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के साथ हुई प्रारंभिक चुनावी बैठक की अगली कड़ी हो सकती है। ऐसे में 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव की रणनीति भी चर्चा के प्रमुख मुद्दों में शामिल हो सकती है।

जानकारी के अनुसार भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष और राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, केवल ढिल्लों और मंत्री श्रीनिवासुलु से मुलाकात करेंगे।

यह बैठक ऐसे समय में हो रही है जब एक दिन पहले शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की थी। इस मुलाकात के बाद पंजाब की राजनीति में भाजपा और अकाली दल के बीच संभावित समीकरणों को लेकर भी चर्चाएं तेज हो गई हैं।

फिलहाल भाजपा की ओर से दिल्ली बैठक के एजेंडे को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।-------------

हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH