भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन 27 अप्रैल को राजस्थान दौरे पर

 


जयपुर, 26 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन 27 अप्रैल को राजस्थान दौरे पर रहेंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद यह उनका पहला प्रदेश प्रवास होगा, जिसे लेकर कार्यकर्ताओं और आमजन में खासा उत्साह देखा जा रहा है।

भाजपा प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी ने रविवार काे बताया कि जयपुर में उनके स्वागत के लिए पारंपरिक राजस्थानी रीति-रिवाजों के साथ भव्य आयोजन किए जाएंगे। पुष्कर और गंगानगर के लोक कलाकार ढोल-नगाड़ों एवं बैगपाइपर के साथ सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार नितिन नवीन सुबह 10:30 बजे जयपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे और वहां से प्रस्थान कर 11:15 बजे टोंक पहुंचेंगे। यहां 11:30 बजे वे भाजपा जिला कार्यालय का उद्घाटन करेंगे। इसके साथ ही बूंदी, प्रतापगढ़, डूंगरपुर, चूरू, पाली एवं बाड़मेर जिला कार्यालयों का वर्चुअल उद्घाटन तथा जालोर जिला कार्यालय का वर्चुअल शिलान्यास भी किया जाएगा।

इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ सहित प्रदेश पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी किया जाएगा।

टोंक कार्यक्रम के बाद दोपहर 2:30 बजे नितिन नवीन पुनः जयपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे, जहां मंत्रीमंडल द्वारा उनका स्वागत किया जाएगा। इसके बाद एयरपोर्ट के बाहर बगरू, सांगानेर और चाकसू विधानसभा क्षेत्रों के कार्यकर्ताओं द्वारा भव्य स्वागत किया जाएगा।

राष्ट्रीय अध्यक्ष के काफिले की अगुवाई युवा मोर्चा कार्यकर्ता बाइक रैली के माध्यम से करेंगे। सांगानेर, बगरू, चाकसू, बस्सी, फुलेरा, दूदू, आमेर, जमवारामगढ़, आदर्श नगर, मालवीय नगर, विद्याधर नगर, झोटवाड़ा और सिविल लाइंस सहित विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में जगह-जगह स्वागत मंच बनाए जाएंगे।

शहर के प्रमुख स्थानों शिक्षा संकुल, कनोडिया कॉलेज, जेडीए सर्किल, रामबाग सर्किल, अंबेडकर सर्किल, बाइस गोदाम सर्किल और राजमहल पैलेस पर कार्यकर्ताओं द्वारा मंच बनाकर स्वागत किया जाएगा।

राजमहल पैलेस पर भाजपा महिला मोर्चा पारंपरिक कलश के साथ स्वागत करेगी और पदाधिकारी कलश लेकर राष्ट्रीय अध्यक्ष की अगुवाई करते हुए भाजपा प्रदेश कार्यालय तक पहुंचेंगी।

भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुंचने पर नितिन नवीन का भव्य स्वागत किया जाएगा। इसके पश्चात वे प्रदेश पदाधिकारियों एवं कोर कमेटी की बैठक लेंगे। बैठक के बाद वे रात्रि में दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे।

नितिन नवीन का यह दौरा संगठनात्मक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जो प्रदेश भाजपा में नई ऊर्जा और सक्रियता का संचार करेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित