भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष ने संभाला पदभार, संगठन को बूथ स्तर तक और मजबूत करने पर दिया जोर
नई दिल्ली, 24 अगस्त (हि.स.)।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) महिला मोर्चा की नवनियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं महासमुंद से सांसद रूपकुमारी चौधरी ने सोमवार को भाजपा मुख्यालय में विधिवत पूजा-अर्चना एवं शुभ अनुष्ठान के साथ अपने नए दायित्व का पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर भाजपा महिला मोर्चा की पदाधिकारी, देशभर से आए कार्यकर्ता एवं पार्टी के वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। समारोह में कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया और नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
नई जिम्मेदारी मिलने के बाद रूपकुमारी चौधरी ने पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा है कि एक सामान्य कार्यकर्ता पर शीर्ष नेतृत्व ने जो विश्वास जताया है, उसे वह पूरी निष्ठा, परिश्रम और समर्पण के साथ निभाने का प्रयास करेंगी। उन्होंने महिला सशक्तिकरण को अपने कार्य की प्रमुख प्राथमिकताओं में रखा है।
चौधरी ने कहा है कि देश की आधी आबादी को राष्ट्र निर्माण से जोड़ना उनका प्रमुख ध्येय रहेगा। महिला मोर्चा के माध्यम से महिलाओं के स्वाभिमान, स्वावलंबन और सुरक्षा से जुड़े विषयों को प्राथमिकता देते हुए संगठन को बूथ स्तर तक और मजबूत करने पर जोर दिया जाएगा। भाजपा महिला मोर्चा के राष्ट्रीय नेतृत्व की जिम्मेदारी संभालने के बाद रूपकुमारी चौधरी के सामने देशभर में महिला संगठन को और अधिक सक्रिय, प्रभावी तथा जनसरोकारों से जोड़ने की बड़ी चुनौती और जिम्मेदारी है।
रूपकुमारी चौधरी को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन द्वारा घोषित नई राष्ट्रीय टीम में महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। पार्टी की ओर से विभिन्न मोर्चों के लिए नए अध्यक्षों की घोषणा के क्रम में चौधरी को महिला मोर्चे की कमान दी गई है।
रूपकुमारी चौधरी का राजनीतिक सफर जमीनी स्तर से शुरू हुआ। वर्ष 2005 से सक्रिय राजनीति में आने के बाद उन्होंने महासमुंद जिला पंचायत सदस्य के रूप में कार्य किया और सहकारिता एवं उद्योग समिति की सभापति सहित संगठन के विभिन्न दायित्व संभाले। वे भाजपा महिला मोर्चा की महासमुंद जिला महामंत्री भी रहीं।
वर्ष 2013 में उन्होंने बसना विधानसभा क्षेत्र से चुनाव जीतकर पहली बार विधानसभा में प्रवेश किया। इसके बाद संगठन में भी उनकी सक्रिय भूमिका बनी रही। महासमुंद भाजपा जिला अध्यक्ष सहित विभिन्न संगठनात्मक जिम्मेदारियों को उन्होंने निभाया। 2018 में विधानसभा का टिकट नहीं मिलने के बावजूद उन्होंने संगठन में सक्रियता बनाए रखी और पार्टी के लिए लगातार काम किया।
वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा ने उन्हें महासमुंद संसदीय क्षेत्र से उम्मीदवार बनाया, जहां उन्होंने जीत हासिल कर पहली बार लोकसभा में प्रवेश किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी