नरेंद्र मोदी ने सिख समुदाय को हमेशा दिया है विशेष सम्मान: हरदीप पुरी

 


नई दिल्ली, 17 नवंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मनीला स्थित खालसा दीवान गुरुद्वारे के पुनर्विकास की आधारशिला रखने के कार्यक्रम में शामिल होने को लेकर केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने प्रधानमंत्री के प्रयासों की सराहना की है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने पद संभालने के बाद से ही विदेश यात्राओं के दौरान सिख समुदाय से जुड़ने और उनके धार्मिक स्थलों पर जाने को हमेशा प्राथमिकता दी है। पुरी के मुताबिक 1947 के बाद किसी अन्य प्रधानमंत्री ने सिख समुदाय के प्रति इतना सम्मान और जुड़ाव नहीं दिखाया।

पुरी ने प्रधानमंत्री मोदी की कनाडा यात्रा का उल्लेख करते हुए बताया कि अप्रैल 2015 में कनाडा दौरे में प्रधानमंत्री तत्कालीन कनाडाई प्रधानमंत्री स्टीफन हार्पर के साथ वैंकूवर स्थित खालसा दीवान गुरुद्वारा पहुंचे थे। इस यात्रा के साथ ही वह पंडित जवाहरलाल नेहरू और इंदिरा गांधी के बाद वहां जाने वाले तीसरे भारतीय प्रधानमंत्री बने थे। इसी दौरे में उन्होंने कोमागाटा मारू संग्रहालय का भी दौरा किया था।

उन्होंने कहा कि 22 मई 2016 को ईरान यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने तेहरान स्थित भाई गंगा सिंह सभा गुरुद्वारे में मत्था टेका था। वह 15 वर्षों में ऐसा करने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री थे। इसी दौरान उन्होंने गुरु गोबिंद सिंह जी के 350वें प्रकाश पर्व को भारत के साथ-साथ दुनियाभर में मनाने की घोषणा भी की थी।

पुरी ने प्रधानमंत्री की इटली और अमेरिका यात्राओं का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि 29 अक्टूबर 2021 को इटली यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री ने रोम में सिख समुदाय के प्रतिनिधियों से मुलाकात की थी। साथ ही प्रथम और द्वितीय विश्व युद्ध में भाग लेने वाले सिख सैनिकों के शौर्य और योगदान को श्रद्धांजलि दी थी।

उन्होंने अपने परिवार से जुड़ा एक प्रसंग साझा करते हुए बताया कि पिछले करीब 300 वर्षों से उनका परिवार गुरु गोबिंद सिंह जी और माता साहिब कौर जी के पवित्र जोड़े साहिब (पवित्र जूतियों) का संरक्षक रहा है। जब उन्होंने इस संबंध में प्रधानमंत्री मोदी को जानकारी दी और इन पवित्र निशानियों को गुरुद्वारा साहिब में स्थापित करने की परिवार की इच्छा जाहिर की तो प्रधानमंत्री ने इसका समर्थन किया।

पुरी के मुताबिक, प्रधानमंत्री ने दिल्ली के गुरुद्वारा मोती बाग साहिब से पटना साहिब तक नगर कीर्तन और शोभायात्रा आयोजित करने के लिए भी आशीर्वाद दिया था। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने सिख समुदाय के धार्मिक और सामाजिक हितों से जुड़े कई महत्वपूर्ण फैसले लिए हैं। उन्होंने गुरुद्वारों में परोसे जाने वाले लंगर पर लगने वाला जीएसटी हटाने और सिख समुदाय से जुड़ी ब्लैकलिस्ट को समाप्त करने जैसे फैसलों का उल्लेख किया।

पुरी ने कहा कि प्रधानमंत्री का सिख समुदाय के प्रति सम्मान केवल भारत तक सीमित नहीं है, बल्कि विदेशों में भी उन्होंने सिख समाज, उनके धार्मिक स्थलों और ऐतिहासिक योगदान को विशेष महत्व दिया है।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / सौरव राय