परिसीमन विधेयक लोकतांत्रिक प्रतिनिधित्व को मजबूत करने की दिशा में ऐतिहासिक पहलः भाजपा
नई दिल्ली, 28 नवंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने केंद्र सरकार के प्रस्तावित परिसीमन विधेयक को संसदीय परिदृश्य में बड़े बदलाव की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है। प्रस्तावित परिसीमन विधेयक के तहत लोकसभा की मौजूदा 543 सीटों को 50 प्रतिशत बढ़ाकर 816 करने का प्रस्ताव है। इससे सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में संसदीय प्रतिनिधित्व का विस्तार होगा।
भाजपा के सोशल मीडिया प्रमुख दीपक महस्के ने एक्स पर सरकार के इस फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि केंद्रीय मंत्रिमंडल की ओर से परिसीमन संशोधन विधेयक को मंजूरी दिया जाना लोकतांत्रिक प्रतिनिधित्व को मजबूत करने की दिशा में ऐतिहासिक पहल है। इससे वर्ष 2029 के लोकसभा चुनाव में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करने का रास्ता भी प्रशस्त होगा। यह केवल विधायी सुधार नहीं है, बल्कि समावेशी लोकतंत्र को मजबूत करने और देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था में नारी शक्ति को उसका उचित प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने की दिशा में निर्णायक प्रतिबद्धता है। यह कदम संसद में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के साथ ही देश की लोकतांत्रिक प्रक्रिया को अधिक व्यापक और समावेशी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
उल्लेखनीय है कि शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने संविधान (132वां संशोधन) विधेयक-2026 को मंजूरी दी। इसके तहत लोकसभा और विधानसभा सीटों में 50 प्रतिशत तक बढ़ोतरी का प्रस्ताव है। सीटों का अनुपात 1971 की जनगणना के आधार पर 2051 तक बरकरार रहेगा, जबकि राज्यों के भीतर निर्वाचन क्षेत्रों का परिसीमन 2011 की जनगणना के आधार पर होगा।
विधेयक का उद्देश्य लोकसभा और विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का रास्ता साफ करना है। सरकार 2029 के लोकसभा चुनाव से इसे लागू करने की तैयारी में है। इस संविधान संशोधन विधेयक पर चर्चा के लिए 30 नवंबर से लोकसभा और दो दिसंबर से राज्यसभा का विशेष सत्र बुलाया गया है। विधेयक पारित होने के लिए दोनों सदनों में दो-तिहाई बहुमत जरूरी होगा।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी