'कैश-फॉर-टिकट' पर भाजपा ने कांग्रेस को घेरा, कहा- गांधी-वाड्रा सबसे भ्रष्ट परिवार

 


नई दिल्ली, 03 मार्च (हि.स.)। हरियाणा में 'कैश-फॉर-टिकट' को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस को घेरते हुए गांधी-वाड्रा परिवार को सबसे भ्रष्ट करार दिया है। भाजपा ने दावा किया कि 2024 के हरियाणा विधानसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस के भीतर टिकट के लिए पैसे लेने का बड़ा घोटाला किया गया।

भाजपा प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने मंगलवार को पार्टी मुख्यालय में पत्रकार वार्ता में आरोप लगाया कि सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा ने केसी वेणुगोपाल को सामने रखकर हरियाणा की बावल सीट से टिकट दिलाने के लिए सात करोड़ रुपये की मांग की। यह रकम हरियाणा महिला कांग्रेस की महासचिव कविता मलिक के पति गौरव कुमार से ली गई।

भंडारी ने कहा कि आज ये साबित हो चुका है कि कांग्रेस देश में चुनाव इसीलिए लड़ती है, क्योंकि राहुल, प्रियंका और सोनिया की लाइफ स्टाइल बरकरार रख सके। उन्होंने कहा कि गौरव कुमार ने बावल विधानसभा सीट से संबंधित बातचीत को लेकर राहुल एवं प्रियंका के करीबी केसी वेणुगोपाल और के. सुरेश के साथ में प्रियंका के पीए शादाब खान की व्हाट्सएप चैट सामने रखी है।

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि आज सबके सामने ये साफ हो गया है कि प्रियंका, राहुल और वेणुगोपाल ने हरियाणा में अपनी ही पार्टी कार्यकर्ता से सात करोड़ रुपये लूटने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि यह कोई सामान्य आरोप नहीं है। पिछले कुछ समय में पूरे देश में केवल एक ही मुद्दे की बात चल रही है।

वो ये है कि गांधी-वाड्रा परिवार एक कॉम्प्रोमाइस्ड और भ्रष्ट परिवार है।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी