महिला सम्मान पर दोहरा मापदंड अपना रही कांग्रेस : भाजपा
नई दिल्ली, 14 नवंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने महिला सम्मान के मुद्दे पर कांग्रेस पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाया है।भाजपा ने कहा कि महिला सम्मान पर बड़े-बड़े नारे लगाने वाली कांग्रेस गंभीर आरोपों के मामलों में चुप्पी साध लेती है।
भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज ने शनिवार को पार्टी मुख्यालय पर पत्रकार वार्ता में झारखंड के कांग्रेस विधायक भूषण भाड़ा पर नाबालिग आदिवासी बच्ची से दुष्कर्म के आरोपों और मणिपुर के कांग्रेस सांसद बिमोल अकोइजाम को चुनावी समितियों में अहम जिम्मेदारी दिए जाने के मामले को लेकर सवाल उठाए। स्वराज ने कहा कि महिला सम्मान की बात करने वाली कांग्रेस का यह रवैया उसके दावों के विपरीत है।
स्वराज ने कहा कि एक ओर देश अपनी संस्कृति पर गर्व करते हुए छठी मईया की आराधना कर रहा है, जो सृष्टि के सृजन की स्रोत हैं, वहीं दूसरी ओर कांग्रेस शक्ति स्वरूपा नारी का बार-बार अपमान कर रही है। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा की जयंती 'जनजातीय गौरव दिवस' के अवसर पर झारखंड के कांग्रेस विधायक भूषण भाड़ा पर 14 वर्षीय आदिवासी बच्ची के साथ दुष्कर्म के आरोप सामने आना बेहद शर्मनाक है। मामले में जांच एजेंसी द्वारा पॉक्सो अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज किए जाने का भी उन्होंने उल्लेख किया।
भाजपा सांसद ने आरोप लगाया कि विधायक ने बच्ची को शिक्षा और बेहतर जीवन का झांसा दिया, उससे घर के काम करवाए, मारपीट की और बाद में उसका यौन शोषण किया। उन्होंने कहा कि ये आरोप बेहद गंभीर और आत्मा को झकझोर देने वाले हैं। स्वराज ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और सोनिया गांधी की चुप्पी पर सवाल उठाते हुए पूछा कि क्या पार्टी ने अपने विधायक से इन आरोपों पर जवाब मांगा है? उन्होंने कहा कि 'स्मैश द पितृसत्ता' जैसे नारे देने वाली कांग्रेस कब तक 'मौनं स्वीकृति लक्षणम्' की नीति पर चलती रहेगी?
सांसद स्वराज ने बिमोल अकोइजाम के मामले में भी पार्टी पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जेएनयू की 11 छात्राओं ने अकोइजाम पर गंभीर आरोप लगाए थे। उनके अनुसार, अनुशासनात्मक कार्रवाई में दोषी पाए जाने के बाद उन्हें नौकरी से बर्खास्त किया गया था। स्वराज ने कहा कि ऐसे गंभीर आरोपों के बावजूद कांग्रेस ने अकोइजाम को पुरस्कृत किया है। मणिपुर में आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनजर उन्हें चुनाव समिति, प्रचार समिति और घोषणापत्र समिति का सह-अध्यक्ष बनाए जाने पर उन्होंने हैरानी जताई। स्वराज ने कहा कि महिला सम्मान की बात करने वाली कांग्रेस का यह रवैया उसके दावों के विपरीत है।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों का उल्लेख करते हुए कहा कि मोदी सरकार महिलाओं को केवल योजनाओं की लाभार्थी नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माता और आत्मनिर्भर उद्यमी के रूप में देखती है। इसके विपरीत राहुल गांधी महिला सम्मान के मुद्दे पर खोखले नारे लगाते हैं और गंभीर मामलों में चुप्पी बनाए रखते हैं। स्वराज ने कहा कि जनता सब कुछ देख रही है। आगामी चुनावों में महिला मतदाता कांग्रेस से जवाब मांगेंगी और पार्टी को उसके महिला विरोधी रुख के लिए जवाबदेह ठहराएंगी।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी