आम आदमी पार्टी सेना जैसे संवेदनशील और गैर-राजनीतिक मुद्दे पर कर रही सस्ती राजनीतिः भाजपा

 


नई दिल्ली, 23 मई (हि.स.)। भारतीय सेना और अग्निवीर योजना पर आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह के बयानों पर भारतीय जनता पार्टी ने पलटवार करते हुए इसे सस्ती राजनीति करार दिया है। भाजपा के मुताबिक संजय सिंह और आआपा सेना जैसे संवेदनशील और गैर-राजनीतिक मुद्दे पर सस्ती राजनीति कर रहे हैं।

भाजपा प्रवक्ता आरपी सिंह ने शनिवार को अपने एक बयान में कहा कि अग्निवीर योजना युवाओं को सशक्त और सेना को आधुनिक बनाने वाला एक ऐतिहासिक कदम है।

सेना का मनोबल गिराने की सुनियोजित साजिश बताते हुए आर.पी सिंह ने कहा कि सेना ने स्पष्ट किया कि प्रेस कॉन्फ्रेंस में जिन लोगों को शामिल किया गया था, उनमें से तीन को अनुशासनहीनता के कारण सेना से बर्खास्त या सेवामुक्त किया गया था और एक व्यक्ति भगोड़ा है। सेना ने बयान जारी कर कहा कि कुछ सांसद अपने राजनीतिक स्वार्थ के लिए सेना की छवि को धूमिल करने और जवानों के बीच फूट डालने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनता सब देख रही है कि किस तरह से आम आदमी पार्टी और अन्य विपक्षी दल मिलकर सेना का मनोबल गिराने का प्रयास कर रहे हैं। यह सरासर निंदनीय है।

उल्लेखनीय है कि दिल्ली के प्रेस क्लब ऑफ इंडिया में गुरुवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस हुई। इसमें दो विपक्षी राज्यसभा सांसद मौजूद थे। मनोज झा और संजय सिंह के साथ तीन पूर्व फौजी भी मौजूद थे जिन्होंने अधिकारियों पर कई आरोप लगाए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी