महाराष्ट्र के राहुरी विधानसभा उपचुनाव में भाजपा के अक्षय कर्डिले की जीत
मुंबई, 04 मई (हि.स.)। महाराष्ट्र की राहुरी विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव के नतीजे घोषित हो गए हैं। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार अक्षय कर्डिले ने राहुरी उपचुनाव में जीत दर्ज की है। उन्होंने राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी (शदर गुट) के गोविंद मोकाटे को 1,12,587 वोटों के अंतर से हराया है।
निर्वाचन आयोग के मुताबिक, उपचुनाव में अक्षय कर्डिले को 1,40,093 वोट मिले हैं, जबकि मोकाटे को 27,506 मत हासिल हुए। तीसरे नंबर पर निर्दलीय उम्मीदवार रावसाहेब सदाराम खेवारे को 7299 मत मिले। वंचित बहुजन आघाडी के संतोष एकनाथ 5690 वोट के साथ चौथे नंबर पर रहे।
महाराष्ट्र भाजपा के अध्यक्ष रवींद्र चव्हाण ने कार्डिले को जीत पर बधाई दी। उन्होंने सोशम मीडिया एक्स पर लिखा कि राहुरी विधानसभा उपचुनाव में जीत के लिए अक्षय शिवाजीराव कार्डिले को हार्दिक बधाई। दिवंगत पूर्व विधायक शिवाजीराव कार्डिले हमेशा राहुरी के सर्वांगीण विकास के लिए समर्पित रहे। अक्षय कार्डिले भी उनके विचारों और विकास की विरासत को पूरी मजबूती से आगे बढ़ाएंगे।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने आगे कहा कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के मार्गदर्शन में, राहुरी विधानसभा क्षेत्र विकास की नई ऊंचाइयों को छुएगा, हमें इसका पूरा विश्वास है। अक्षय, आपके भविष्य के सफर के लिए शुभकामनाएं।
राहुरी सीट भाजपा के शिवाजी कार्डिले के निधन के बाद खाली हुई थी। भाजपा ने उपचुनाव में उनके बेटे अक्षय कर्डिले को उम्मीदवार बनाया था। इस सीट पर 23 अप्रैल को मतदान हुआ था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वीरेन्द्र सिंह