ओडिशा छात्र संघ चुनाव में एबीवीपी की जीत पर नितिन नवीन ने दी बधाई

 


नई दिल्ली, 16 अक्टूबर (हि.स.)। ओडिशा में छात्र संघ चुनावों में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की जीत पर भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने विजयी प्रत्याशियों और कार्यकर्ताओं को बधाई दी है। उन्होंने इस जीत को राष्ट्रवाद और राष्ट्रहित के प्रति युवा शक्ति के अटूट विश्वास का प्रतीक बताया।

नितिन नवीन ने एक्स पोस्ट में कहा कि ओडिशा के छात्र संघ चुनावों में एबीवीपी की शानदार जीत पर सभी विजयी प्रत्याशियों और समर्पित कार्यकर्ताओं को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। यह जीत युवाओं के नाम पर अराजकता फैलाने की राजनीति को नकारने और राष्ट्रहित के प्रति युवाओं के विश्वास को दर्शाती है।

भाजपा अध्यक्ष ने अपने संदेश में स्वामी विवेकानंद के विचारों और आदर्शों का उल्लेख करते हुए कहा कि देश का युवा उनसे प्रेरणा लेकर राष्ट्रनिर्माण के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि युवा शक्ति विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए प्रतिबद्ध है।

नितिन नवीन ने ‘विकसित भारत 2047’ के लक्ष्य का उल्लेख करते हुए युवाओं की भागीदारी को देश के भविष्य के लिए महत्वपूर्ण बताया। उनके अनुसार राष्ट्र के विकास और निर्माण में युवाओं की सक्रिय भूमिका भारत को नई ऊंचाइयों तक ले जाने में सहायक होगी।

ओडिशा में 12 विश्वविद्यालयों और 325 महाविद्यालयों में छात्रसंघ चुनाव हुए, जिनके नतीजे गुरुवार को घोषित किए गए। कुल 337 कॉलेजों में से 117 में एबीवीपी ने जीत दर्ज की। बीसीजेडी को 71 सीटें मिलीं, जबकि एनएसयूआई ने दो सीटें जीतीं। निर्दलीय उम्मीदवारों ने 16 सीटों पर बाजी मारी।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / सौरव राय