पंजाब में हुए हमले पर मान सरकार के आरोपों को भाजपा ने बताया निंदनीय

 




नई दिल्ली, 06 मई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के उस बयान की कड़ी निंदा की है, जिसमें उन्होंने पंजाब में धमाकों के लिए केंद्र सरकार को जिम्मेदार ठहराया है।

भाजपा के महासचिव तरुण चुग ने बुधवार को कहा कि भगवंत मान सरकार से पंजाब की सुरक्षा हो नहीं रही और अपने नौसिखिएपन का ठीकरा केंद्र सरकार पर फोड़ रहे हैं। 22 ग्रेनेड हमले, मिसाइल अटैक, पिछले चार वर्षों में पंजाब की मिट्टी अपने बेटों के खून से लाल हुई, लेकिन मान साहब, अपनी जिम्मेदारी से भाग रहे हैं और केंद्र सरकार पर आरोप लगा रहे हैं। बेहद शर्मसार, निंदनीय और अशोभनीय है।

उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि यह बेहद दुखद घटना है। सीमावर्ती प्रांत होने के नाते राज्य में सुरक्षा को लेकर चिंता है। नशे में डूबा पंजाब संकट में पहुंच चुका है। कभी रेलवे ट्रैक को निशाना बनाया जा रहा है, कभी सेना के कैंपों के आसपास धमाके, पंजाब में लगातार हो रहे धमाके और हमलों ने साबित कर दिया है कि भगवंत मान की सरकार पूरी तरह नाकाम हो चुकी है। तरुण चुग ने कहा कि पंजाब की जनता को कहानियां और चुटकुले नहीं, शांति, सुरक्षा और विकास चाहिए। मौजूदा हालात साफ बता रहे हैं कि आप सरकार पंजाबियों को सुरक्षा देने में पूरी तरह विफल है।

इसके साथ ममता बनर्जी पर पूछे गए सवाल का जवाब देते हुए तरुण चुग ने कहा कि ममता बनर्जी को ईवीएम मुख्यमंत्री बनाए तो सब ठीक है लेकिन अगर जनता उन्हें हरा कर सजा दे तो ईवीएम खराब है। फैसला जनता का है और जनता का फैसला अंतिम होता है। जो इसे स्वीकार नहीं करता, वह लोकतंत्र नहीं अहंकार का प्रतिनिधित्व करता है। पश्चिम बंगाल की जनता ने जनादेश दे दिया, लेकिन ममता बनर्जी का कुर्सी से चिपके रहना जनादेश, संविधान और लोकतांत्रिक मर्यादाओं का अपमान है। यह दुर्भाग्यपूर्ण है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी