(अपडेट) राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने भगवान बिरसा मुंडा को दी श्रद्धांजलि
नई दिल्ली, 15 नवंबर (हि.स.)। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने रविवार को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर संसद परिसर स्थित प्रेरणा स्थल पर उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर केंद्रीय कानून एवं न्याय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) तथा संसदीय कार्य राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल, सांसदों और अन्य गणमान्य लोगों ने भी भगवान बिरसा मुंडा को नमन किया।
राज्यसभा सचिवालय के अनुसार, भगवान बिरसा मुंडा की जयंती 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाई जाती है। इस अवसर पर प्रेरणा स्थल पर विभिन्न राज्यों के छह जनजातीय लोक कलाकारों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं और गणमान्य अतिथियों का स्वागत किया।
उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर अपने संदेश में भगवान बिरसा मुंडा को साहस और प्रतिरोध का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि बिरसा मुंडा ने अंग्रेजों के खिलाफ जनजातीय समुदाय का नेतृत्व किया और उनके अधिकारों, गरिमा तथा पहचान की रक्षा के लिए संघर्ष किया। उनके उलगुलान का आह्वान स्वतंत्रता और न्याय की सशक्त आवाज बना।
उपराष्ट्रपति ने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस भगवान बिरसा मुंडा की विरासत और देश के जनजातीय समुदायों के योगदान को सम्मान देने का अवसर है।
उल्लेखनीय है कि वर्ष 2021 से प्रत्येक वर्ष 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। इस दिन देशभर में जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद करने के साथ उनकी संस्कृति, इतिहास और विरासत का उत्सव मनाया जाता है।-----------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर