ओम बिरला बंगाल के विधायकों के प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुक्रवार को करेंगे उद्घाटन
नई दिल्ली, 02 जुलाई (हि.स.)। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला तीन जुलाई (शुक्रवार) को कोलकाता में पश्चिम बंगाल विधानसभा के नवनिर्वाचित सदस्यों के लिए आयोजित दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे।
लोकसभा सचिवालय के अनुसार इस दो दिवसीय आयोजन का मुख्य उद्देश्य नए विधायकों को विधायी और संसदीय कार्यप्रणाली की बारीकियों से परिचित कराना है। इस मौके पर पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेन्दु अधिकारी, केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू, राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश, विधानसभा अध्यक्ष रथीन्द्र बोस, राज्य के संसदीय कार्य मंत्री डॉ. शंकर घोष और विधानसभा में विपक्ष के नेता ऋतब्रत बनर्जी सहित कई गणमान्य जन मौजूद रहेंगे।
इस कार्यक्रम में कई महत्वपूर्ण तकनीकी सत्र आयोजित किए जाएंगे। इसमें देशभर के वरिष्ठ संसदीय विशेषज्ञ, सांसद और विभिन्न राज्यों के पीठासीन अधिकारी नए सदस्यों का मार्गदर्शन करेंगे। इन सत्रों में कई प्रमुख विषयों पर चर्चा होगी। इनमें कुशल विधायक बनने के गुर: एक प्रभावी विधायक कैसे बनें, इसके साथ ही संसदीय परंपराओं, परिपाटियों और शिष्टाचार पर, कार्यपालिका की जवाबदेही: विधानमंडलों में प्रश्नों और अन्य प्रक्रियात्मक साधनों के जरिए सरकार का उत्तरदायित्व तय करने के तरीकों पर, विधायी एवं वित्तीय प्रक्रियाएं: भारतीय संसद की समिति प्रणाली, बजटीय प्रक्रिया, वित्तीय कार्य और निजी सदस्य विधेयकों पर गहन मंथन करने पर और विशेषाधिकार और डिजिटल पहल: संसदीय विशेषाधिकार, आचारनीति और 'राष्ट्रीय ई-विधान अनुप्रयोग (नेवा)' जैसे डिजिटल टूल्स के प्रशिक्षण देने पर विचार विमर्श किया जाएगा।
इस दो दिवसीय प्रबोधन कार्यक्रम का समापन शनिवार (4 जुलाई) को बंगाल विधानसभा के सदन कक्ष में होगा। समापन सत्र को प्रदेश के राज्यपाल आरएन रवि संबोधित करेंगे। इस मौके पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, राज्यसभा उपसभापति हरिवंश, हरियाणा के राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष और बंगाल विधानसभा अध्यक्ष रथीन्द्र बोस भी सत्र को संबोधित करेंगे। इस कार्यक्रम का आयोजन लोकसभा सचिवालय के पार्लियामेंटरी रिसर्च एंड ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट फॉर डेमोक्रेसीज़ (प्राइड) की ओर से पश्चिम बंगाल विधानसभा के सहयोग से किया जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी