भाेपाल ट्विशा शर्मा मौत मामला: दोबारा पोस्टमॉर्टम की मांग खारिज, सीबीआई जांच की सिफारिश की तैयारी

 




भोपाल, 20 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भाेपाल के चर्चित मॉडल ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत मामले में बुधवार काे भोपाल की जिला अदालत ने परिजनों की ओर से दायर दोबारा पोस्टमॉर्टम (सेकंड ऑटोप्सी) की याचिका को खारिज कर दिया है। अदालत ने स्पष्ट किया कि मौजूदा परिस्थितियों और केस डायरी में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर दूसरे पोस्टमॉर्टम की आवश्यकता नहीं बनती।

हालांकि, कोर्ट ने पुलिस को यह निर्देश दिया है कि शव को ऐसी सुरक्षित मॉर्च्युरी में रखा जाए, जहां उसे डीकंपोज होने से बचाया जा सके। मामले में यह भी सामने आया है कि शरीर को लंबे समय तक सुरक्षित रखने के लिए माइनस 80 डिग्री तापमान की आवश्यकता होगी, जो उपलब्ध कराने की व्यवस्था पर प्रशासन विचार कर रहा है। ट्विशा शर्मा मामले में वकील अंकुर पांडे ने कहा कि कोर्ट ने एसएचओ को पत्र लिखा कि तत्काल रूप से पूरे मध्य प्रदेश में जहां भी माइनस 80 डिग्री के अंदर बॉडी को प्रिजर्व की जा सके, उसको किया जाए। वकील ने मुताबिक, पुलिस को कोर्ट ने तत्काल सूचित करने के लिए भी कहा है। वकील ने कहा कि अब हम परिवार के लोगों से मिलकर आगे के लीगल कार्यवाही के बारे में चर्चा करेंगे।

सरकार सीबीआई जांच के लिए केंद्र को लिखेगी पत्र

इस बीच मध्य प्रदेश सरकार ने मामले को लेकर बड़ा कदम उठाने की तैयारी की है। सरकार की ओर से केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) से जांच कराने के लिए केंद्र सरकार को औपचारिक पत्र भेजा जाएगा। इसके साथ ही, मृतका की सास और रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह की जमानत रद्द कराने के लिए भी कानूनी प्रक्रिया शुरू करने की बात कही गई है।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को ट्विशा शर्मा के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया। ट्विशा के पिता नवनिधि शर्मा रिटायर्ड सैनिकों के साथ मुख्यमंत्री से मिलने पहुंचे थे। इस दौरान रिटायर्ड सैनिक भी उनके साथ रहे। मुख्यमंत्री डाॅ. यादव ने कहा कि राज्य सरकार मामले में हरसंभव सहयोग करेगी और यदि न्यायिक प्रक्रिया में आवश्यकता पड़ी तो शव को दिल्ली स्थित एम्स तक ले जाने की व्यवस्था भी की जा सकती है।

फरार पति पर लुकआउट नोटिस, जांच तेज

भोपाल पुलिस ने मृतका के पति समर्थ सिंह के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया है। पुलिस कमिश्नर संजय सिंह के अनुसार, विशेष जांच दल (एसआईटी) सभी पहलुओं पर जांच कर रहा है और आरोपी की तलाश तेज कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या से जुड़ा प्रतीत होता है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में फांसी लगाने से मृत्यु की पुष्टि हुई है। हालांकि, परिजनों के आरोपों के चलते जांच सभी कोणों से जारी है। इधर समर्थ सिंह फरार है और उस पर इनाम राशि को बढ़ाकर 30 हजार रुपये कर दिया गया है।

परिजनों की मांगें और प्रशासनिक कार्रवाई

मृतका के परिजनों ने मामले की जांच पर सवाल उठाते हुए कई गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि शुरुआती पोस्टमॉर्टम में चोटों के निशान और कथित साक्ष्यों की वैज्ञानिक जांच पर्याप्त रूप से नहीं हुई। परिवार ने यह भी मांग की है कि मामले की जांच किसी स्वतंत्र एजेंसी से कराई जाए और गहराई से फॉरेंसिक परीक्षण किया जाए। इसके अलावा परिजनों ने बुधवार काे रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह को उपभोक्ता फोरम से हटाने की मांग करते हुए राज्यपाल को पत्र भेजा है। उनका आरोप है कि दहेज हत्या की एफआईआर दर्ज होने के बावजूद वह पद पर बनी हुई हैं।सरकार ने इस मामले पर कानूनी राय लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी है कि क्या ऐसी स्थिति में नियुक्ति पर कोई प्रभाव पड़ सकता है।

राष्ट्रीय महिला आयोग ने लिया संज्ञान

राष्ट्रीय महिला आयोग ने मामले का स्वतः संज्ञान लेते हुए राज्य के मुख्य सचिव और डीजीपी को पत्र भेजकर 7 दिन में विस्तृत रिपोर्ट (एटीआर) मांगी है। आयोग ने एफआईआर, गिरफ्तारी, पासपोर्ट कार्रवाई, सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल और फॉरेंसिक जांच की प्रगति की जानकारी भी तलब की है। साथ ही मृतका के परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

रिटायर्ड सैनिकों ने बाइक रैली निकाली

मामले को लेकर बुधवार को भोपाल में रिटायर्ड सैनिकों ने बाइक रैली निकालकर निष्पक्ष जांच की मांग की।रिटायर्ड सैनिकों ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए बाइक रैली निकाली। लाल परेड ग्राउंड पहुंचकर प्रदर्शन किया। रिटायर्ड जनरल श्याम सुंदर श्रीवास्तव के नेतृत्व में स्पेशल डीजी अनिल कुमार शर्मा से मुलाकात कर मांगपत्र सौंपा।

श्रीवास्तव ने बताया कि हमने ट्विशा के परिवार की पांच मांगों को उनके सामने रखा है। अधिकारियों ने कहा कि पुलिस पर किसी प्रकार का दबाव नहीं है। वहीं राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा ने भी केंद्रीय गृह मंत्री और मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर मामले की जांच सीबीआई को सौंपने की मांग की है।

उल्लेखनीय है कि 33 साल की ट्विशा शर्मा और समर्थन सिंह ने पांच महीने पहले शादी की थी। दोनों की मुलाकात एक डेटिंग एप्प पर हुई थी। ट्विशा ने बीती 12 मई की रात को भोपाल के कटारा हिल्स इलाके में अपने ससुराल में मृत पाई गई थी। इसके बाद पुलिस ने उसके पति वकील समर्थ सिंह और उसकी सास गिरिबाला सिंह के खिलाफ दहेज हत्या और उत्पीड़न के आरोपों से संबंधित एक एफआईआर दर्ज की। गिरिबाला सिंह को अग्रिम जमानत मिल चुकी है। वहीं पति की अग्रिम जमानत याचिका खारिज हो चुकी है और वो फरार चल रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे