भिंड सड़क हादसे में उप्र के आठ मजदूरों की मौत, मुख्यमंत्री योगी ने मुआवजे का किया ऐलान

 

लखीमपुर खीरी, 18 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के भिंड जिले में सोमवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले के आठ मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 22 मजदूर घायल हो गए। हादसा नेशनल हाईवे-719 पर गोहद क्षेत्र के छीमका गांव के पास हुआ। हादसे पर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दुख जताते हुए उत्तर प्रदेश के मृतक मजदूरों के परिवारों को 2-2 लाख रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हाइवे पर बैठी गायाें को बचाने के प्रयास में मजदूरों से भरी पिकअप के चालक ने वाहन काे मोड़ा। इसी दौरान सामने से आ रहे डंपर से भिड़ंत हो गई।

लखीमपुर खीरी की पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग ने बताया कि जिले से मध्य प्रदेश धान रोपाई करने गए मजदूर काम खत्म होने के बाद वाहन में सवार होकर अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही उनका वाहन भिंड जिले के छीमका गांव के पास हाईवे पर पहुंचा, सड़क हादसे का शिकार हो गया।

उन्होंने बताया कि अभी तक जो जानकारी मिल पाई है उसके अनुसार घायलों में हंसराय पुत्र रामकिशन, सोमपाल पुत्र कंचन निवासी ग्राम बेला तुरसिया, अखिलेश पुत्र गेंदालाल निवासी पसगवां, विकास पुत्र सुरेश निवासी पसगवां, रंजीत पुत्र गुड्डू निवासी किशनपुर अजीत, थाना पसगवां, अक्षय कुमार पुत्र मुकेश, करन सिंह पुत्र रामसर निवासी लखीमपुर खीरी, पिंकू पुत्र सुखदेव, रामदास पुत्र बद्री निवासी पसगवां, अनूप पुत्र रामस्वरूप निवासी रामपुर पतिहार, देवेन्द्र पुत्र शेर सिंह निवासी बेला तुरसिया, नंदलाल पुत्र छल बिहारी निवासी पसगवां, आकाश पुत्र रामसागर निवासी बेला तुरसिया, पवन पुत्र दिनेश जाटव, रमाकांत पुत्र कंचन लाल निवासी लखीमपुर खीरी, अनिल पुत्र लेखराम शामिल हैं। अन्य घायलों की पहचान की जा रही है।

मृतकों की पहचान उपदेश पुत्र मोहन, अमर सिंह पुत्र वंशीधर, सुखदेव पुत्र कंचन, रजनीश पुत्र कंचनलाल पासी (सभी निवासी बेला परसिया, लखीमपुर खीरी), गुड्डू पुत्र प्रहलाद पासी निवासी किशनपुर अजीत, लखीमपुरखीरी तथा सुभाष पुत्र कमलेश निवासी मोहम्मदी, लखीमपुरखीरी के रूप में हुई है। अन्य दो मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।

वहीं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे में मारे गए लखीमपुर खीरी के मजदूरों के परिवारों को 2-2 लाख रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की है।

मुख्यमंत्री योगी ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि मध्य प्रदेश के भिंड में एक दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना में हुई जनहानि अत्यंत पीड़ादायक और मन को व्यथित करने वाली है। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं।

उन्होंने बताया कि अधिकारियों को मध्य प्रदेश सरकार से समन्वय स्थापित कर दुर्घटना में जान गंवाने वाले उप्र के नागरिकों के पार्थिव शरीर उनके गृह जनपद पहुंचाकर परिजनों को सौंपने एवं घायलों के समुचित इलाज कराने के लिए निर्देशित किया है। इस दुर्घटना में उत्तर प्रदेश के प्रत्येक मृतक के परिवार को 2-2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं।

-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / देवनन्दन श्रीवास्तव