भारत टेक्स मोबाइल ऐप लॉन्च, एआई असिस्टेंट और डिजिटल सुविधाएं मिलेंगी

 


नई दिल्ली, 20 मई (हि.स.)। केंद्र सरकार ने 'भारत टेक्स' प्रदर्शनी में प्रतिभागियों को डिजिटल सुविधाओं के साथ सहज अनुभव देने के लिए भारत टेक्स 2026 मोबाइल ऐप लॉन्च किया। यह ऐप प्रदर्शनी की जानकारी, बैठकें तय करने, डिजिटल पहचान‑पत्र, संपर्क विवरण संग्रह और एआई‑सहायता जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराएगा।

केंद्रीय वस्त्र मंत्रालय की सचिव नीलम शमी राव ने इस ऐप को बुधवार को यहां लॉन्च किया। उन्होंने कहा कि ऐप प्रतिभागियों को प्रदर्शकों की खोज, बैठकें तय करने, स्थल पर दिशा‑निर्देश प्राप्त करने, ज्ञान सत्रों तक पहुंचने और वास्तविक समय में अपडेट हासिल करने की सुविधा देगा।

मंत्रालय ने बताया कि ऐप की प्रमुख विशेषता एआई स्मार्ट असिस्टेंट है, जो प्रतिभागियों को 24x7 संवादात्मक मार्गदर्शन देगा। उपयोगकर्ता सरल भाषा में प्रश्न पूछकर कार्यक्रम, स्थल, समय सारणी और अन्य जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। इसके अलावा नेटवर्किंग और बैठक मॉड्यूल के जरिए प्रदर्शक और खरीदार आपस में जुड़ सकेंगे तथा क्यूआर‑आधारित संपर्क विवरण संग्रह सुविधा से डिजिटल पहचान‑पत्र स्कैन कर जानकारी सुरक्षित कर सकेंगे।

उल्लेखनीय है कि यहां भारत मंडपम में 14 से 17 जुलाई तक आयोजित होने वाले भारत टेक्स 2026 में 7,000 से अधिक अंतरराष्ट्रीय खरीदार और 1,30,000 से अधिक व्यापारिक आगंतुक शामिल होंगे। आयोजन में भारत की संपूर्ण वस्त्र मूल्य श्रृंखला प्रदर्शित की जाएगी, जिसमें फाइबर, यार्न, कपड़ा, परिधान, गृह वस्त्र, तकनीकी वस्त्र, हस्तकरघा, हस्तशिल्प, सतत वस्त्र और स्मार्ट विनिर्माण तकनीकें शामिल होंगी।

भारत टेक्स 2026 का आयोजन भारत टेक्स व्यापार संगठन द्वारा किया जाएगा, जिसमें 11 वस्त्र निर्यात संवर्धन परिषदें और उद्योग संगठन शामिल हैं। यह आयोजन प्रधानमंत्री के 5 एफ विजन फार्म टू फाइबर टू फैक्ट्री टू फैशन टू फॉरेन से प्रेरित है और भारत को एक विश्वसनीय, सतत और नवाचार‑आधारित वैश्विक वस्त्र गंतव्य के रूप में स्थापित करने का लक्ष्य है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर