राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार 2026: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 5 सितंबर को 48 शिक्षकों को करेंगी सम्मानित
नई दिल्ली, 21 अगस्त (हि.स.)।शिक्षक दिवस के अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 5 सितंबर 2026 को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में देश के 48 उत्कृष्ट स्कूल शिक्षकों को राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार प्रदान करेंगी। इस अवसर पर प्रत्येक पुरस्कार विजेता शिक्षक के उत्कृष्ट कार्य और उपलब्धियों पर आधारित लघु वृत्तचित्र भी प्रदर्शित किए जाएंगे।
राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार हर वर्ष शिक्षा मंत्रालय के स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग की ओर से आयोजित राष्ट्रीय समारोह में प्रदान किए जाते हैं। इन पुरस्कारों का उद्देश्य देश के ऐसे उत्कृष्ट शिक्षकों को सम्मानित करना है, जिन्होंने अपनी प्रतिबद्धता, मेहनत और नवाचार के माध्यम से स्कूली शिक्षा की गुणवत्ता बेहतर करने के साथ-साथ विद्यार्थियों के जीवन को भी सकारात्मक रूप से प्रभावित किया है।
राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार 2026 के लिए पात्र शिक्षकों से 15 जून से 20 जुलाई 2026 तक शिक्षा मंत्रालय के पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन स्व-नामांकन आमंत्रित किए गए थे। पुरस्कार के लिए चयन प्रक्रिया तीन चरणों में की गई। जिसमें जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर शिक्षकों का चयन एक पारदर्शी प्रक्रिया के तहत पूरी की गई।
इस वर्ष चयनित 48 शिक्षकों में 26 पुरुष और 22 महिला शिक्षक शामिल हैं। ये शिक्षक 27 राज्यों, 7 केंद्र शासित प्रदेशों और केंद्र सरकार के 6 संगठनों से चुने गए हैं। चयन प्रक्रिया में शिक्षकों के शैक्षणिक योगदान, नवाचार, विद्यार्थियों के विकास और शिक्षा के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय कार्यों को विशेष महत्व दिया गया।
पांच सितंबर आयोजित शिक्षक दिवस का यह समारोह देश के शिक्षकों के योगदान को सम्मान देने के साथ-साथ शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों के प्रयासों को सामने लाने का अवसर भी होगा। पुरस्कार प्राप्त करने वाले शिक्षक अन्य शिक्षकों और शिक्षा जगत के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सौरव राय