बेंगलुरु-मुंबई वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने दिखाई हरी झंडी

 


बेंगलुरु-हुबली-पुणे के बीच बुलेट ट्रेन परियोजना की घोषणा; बेंगलुरु-मंगलुरु वंदे भारत ट्रेन चार-पांच सप्ताह में होगी शुरू

बेंगलुरु, 01 नवंबर (हि.स.)। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बेंगलुरु-मुंबई के बीच हुबली मार्ग से दूसरी वंदे भारत स्लीपर ट्रेन शुरू करने के साथ ही बेंगलुरु-हुबली-पुणे के बीच बुलेट ट्रेन कॉरिडोर विकसित करने की योजना की घोषणा की है। इसके अलावा बहुप्रतीक्षित बेंगलुरु-मंगलुरु वंदे भारत ट्रेन अगले चार-पांच सप्ताह में शुरू होने की उम्मीद है।

रेल मंत्री वैष्णव ने रविवार को बेंगलुरु के एसएमवीटी रेलवे स्टेशन पर बेंगलुरु-मुंबई वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने कर्नाटक में रेलवे संपर्क और बुनियादी ढांचे के विकास के लिए प्रस्तावित योजनाओं की जानकारी दी।

बेंगलुरु और मुंबई के बीच हुबली मार्ग से चलने वाली नई वंदे भारत स्लीपर ट्रेन से उत्तर कर्नाटक के यात्रियों को विशेष सुविधा मिलेगी। हुबली सहित इस रेल मार्ग के विभिन्न शहरों के यात्रियों को बेंगलुरु और मुंबई के बीच तेज और आरामदायक रेल यात्रा का विकल्प उपलब्ध होगा।

रेल मंत्री ने बेंगलुरु-हुबली-पुणे के बीच हाईस्पीड बुलेट ट्रेन कॉरिडोर विकसित करने की भी घोषणा की। केंद्र सरकार की दूसरे चरण की 3,000 किलोमीटर लंबी हाईस्पीड रेल परियोजना में इस मार्ग को शामिल किया जाएगा। इससे कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु, उत्तर कर्नाटक के प्रमुख शहर हुबली और महाराष्ट्र के पुणे के बीच तेज रेल संपर्क स्थापित करने का मार्ग प्रशस्त होगा।

इससे पहले पहले चरण की 4,000 किलोमीटर लंबी हाईस्पीड रेल परियोजना के तहत बेंगलुरु-चेन्नई और बेंगलुरु-हैदराबाद कॉरिडोर की घोषणा की गई थी। इन परियोजनाओं के पूरा होने पर बेंगलुरु से चेन्नई की यात्रा लगभग 73 मिनट और हैदराबाद की यात्रा दो घंटे 10 मिनट में पूरी होने का अनुमान है।

कर्नाटक के आंतरिक क्षेत्रों और उत्तर कर्नाटक को हाईस्पीड रेल नेटवर्क से जोड़ने की मांग लंबे समय से की जा रही थी। इसी क्रम में बेंगलुरु-हुबली-पुणे मार्ग को दूसरे चरण की परियोजना में शामिल करने की घोषणा की गई है।

तटीय कर्नाटक के यात्रियों की लंबे समय से प्रतीक्षित बेंगलुरु-मंगलुरु वंदे भारत ट्रेन भी जल्द शुरू होगी। रेल मंत्री ने बताया कि इस मार्ग पर आवश्यक तकनीकी परीक्षण और ट्रायल रन सफलतापूर्वक पूरे कर लिए गए हैं। अगले चार-पांच सप्ताह में इस ट्रेन का नियमित संचालन शुरू होने की उम्मीद है।

बेंगलुरु-मुंबई वंदे भारत स्लीपर ट्रेन में कुल 16 डिब्बे होंगे। इनमें आठ मोटर कोच, चार ट्रेलर कोच, दो नॉन-ड्राइविंग ट्रेलर कोच और दो ड्राइविंग ट्रेलर कोच शामिल हैं।

कार्यक्रम में केंद्रीय रेल राज्य मंत्री वी. सोमन्ना, केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी, एच.डी. कुमारस्वामी, सांसदों सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश एम.बी.