पश्चिम बंगाल के शुभंकर नंदी को मिलेगा गोपाल रत्न पुरस्कार 2026
कोलकाता, 20 नवंबर (हि. स.)। हुगली जिले के गोघाट-दो प्रखंड के कृत्रिम गर्भाधान कार्यकर्ता शुभंकर नंदी को प्रतिष्ठित गोपाल रत्न पुरस्कार 2026 के लिए चुना गया है। उन्होंने पूरे देश में पहला स्थान प्राप्त कर सर्वश्रेष्ठ कृत्रिम गर्भाधान कार्यकर्ता का सम्मान हासिल किया है। यह पहली बार है, जब पश्चिम बंगाल के किसी कृत्रिम गर्भाधान कार्यकर्ता को इस प्रतिष्ठित पुरस्कार के लिए चुना गया है।
पश्चिम बंगाल सरकार के पशु संसाधन विकास और मत्स्य पालन विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) राजेश महतो ने शुक्रवार रात सोशल मीडिया पर पोस्ट कर यह जानकारी दी। उन्होंने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए शुभंकर नंदी को बधाई दी।
नंदी को यह पुरस्कार 26 नवंबर 2026 को राष्ट्रीय दुग्ध दिवस के अवसर पर बिहार की राजधानी पटना स्थित बापू सभागार, मुरादपुर में आयोजित समारोह में प्रदान किया जाएगा। केंद्रीय मत्स्य पालन, पशुपालन एवं डेयरी मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह उन्हें पुरस्कार प्रदान करेंगे। इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एस. पी. सिंह बघेल भी उपस्थित रहेंगे।
शुभंकर नंदी पश्चिम बंगाल सरकार के पशु संसाधन विकास विभाग के अधीन पश्चिम बंगाल पशुधन विकास निगम (पीबीजीएसबीएस) से जुड़े हुए हैं। वह ग्रामीण क्षेत्रों में पशुओं के कृत्रिम गर्भाधान की सेवा उपलब्ध कराने के साथ पशु स्वास्थ्य और टीकाकरण से जुड़े कार्यों में भी योगदान दे रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि पश्चिम बंगाल पशुधन विकास निगम से राज्य के 13 हजार 500 से अधिक कृत्रिम गर्भाधान कार्यकर्ता यानी प्राणी मित्र जुड़े हुए हैं। ये कार्यकर्ता ग्रामीण क्षेत्रों में पशुपालन को बढ़ावा देने और पशुओं को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। राज्य सरकार ने अगस्त 2026 से इन कार्यकर्ताओं की मासिक प्रोत्साहन राशि बढ़ाकर सात हजार 500 रुपये कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता