प्रधानमंत्री मोदी को देने के लिए चॉकलेट से बनवाया था इंडिया गेट, भारत पहुंचने से पहले ही पिघला : बार्ट डी वेवर
नई दिल्ली, 03 सितंबर (हि.स.)। बेल्जियम के प्रधानमंत्री बार्ट डी वेवर ने गुरुवार को बताया कि वह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लिए बेल्जियम की बेहतरीन चॉकलेट से बना इंडिया गेट का मॉडल उपहार के तौर पर ला रहे थे, लेकिन यह मॉडल भारत की यात्रा के दौरान ही खराब हो गया।
डी वेवर ने भारत-बेल्जियम संयुक्त प्रेस वार्ता में हल्के-फुल्के अंदाज में कहा कि असली इंडिया गेट करीब एक सदी से खड़ा है, लेकिन चॉकलेट से बना इंडिया गेट भारत की यात्रा तक भी नहीं टिक सका। उन्होंने कहा, चॉकलेट कूटनीति के लिए बेहतरीन है, लेकिन कूटनीतिक यात्रा के लिए उतनी अच्छी नहीं है।
बेल्जियम के प्रधानमंत्री ने कहा कि इस उपहार का एक दूसरा मॉडल बेल्जियम में मौजूद है और वह किसी न किसी तरह उसे प्रधानमंत्री मोदी तक सही सलामत पहुंचाने की कोशिश करेंगे। उन्होंने कहा कि चॉकलेट से इंडिया गेट की प्रतिकृति बनाने का फैसला जानबूझकर किया गया था, क्योंकि यह स्मारक भारत और बेल्जियम के साझा इतिहास तथा भविष्य की साझेदारी का प्रतीक है।
डी वेवर ने बताया कि चॉकलेट से बनाए गए मॉडल में इंडिया गेट पर अंकित उस हिस्से को विशेष रूप से बड़ा करके दिखाया गया था, जिसमें प्रथम विश्व युद्ध के दौरान फ्लैंडर्स के मैदानों में लड़ने और शहीद होने वाले भारतीय सैनिकों की स्मृति दर्ज है।
उन्होंने कहा कि एक सदी से भी अधिक समय पहले भारतीय सैनिक हजारों किलोमीटर की यात्रा करके बेल्जियम की धरती पर लड़ने पहुंचे थे। बेल्जियम उनके साहस और बलिदान को नहीं भूला है। यह दोनों देशों के साझा इतिहास का हिस्सा है और यह याद दिलाता है कि शांति को कभी भी स्वाभाविक मानकर नहीं चलना चाहिए।
बेल्जियम के प्रधानमंत्री ने कहा कि दुर्भाग्य से आज की दुनिया में यह संदेश एक बार फिर प्रासंगिक हो गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर