बठिंडा में जासूस गिरफ्तार, आईएसआई को सैन्य जानकारी भेजने का आरोप
बठिंडा, 27 नवंबर (हि.स.)। पंजाब पुलिस की खुफिया शाखा और सैन्य खुफिया विभाग ने संयुक्त कार्रवाई में एक युवक को गिरफ्तार किया है। उस पर बठिंडा सैन्य छावनी से जुड़ी संवेदनशील जानकारी पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई के गुर्गों के साथ साझा करने का आरोप है। उसका एक संदिग्ध साथी फरार होने में कामयाब रहा, जिसकी तलाश जारी है।
पुलिस अधिकारी के मुताबिक फिरोजपुर जिले के गांव जखरावां निवासी 26 वर्षीय सतनाम सिंह उर्फ सत्तू को गिरफ्तार किया गया है। वह पाकिस्तान में बैठे पाकिस्तान में बैठे राणा नामक एक खुफिया एजेंट के संपर्क में था और उसके निर्देशों पर सैन्य प्रतिष्ठानों से संबंधित गोपनीय जानकारी साझा कर रहा था। आरोप है कि इस काम के बदले उसे 10 हजार रुपये भी मिले थे। सैन्य छावनी में किसी अप्रिय घटना को अंजाम देने की योजना बनाए जाने की भी आशंका जताई गई है। इस संबंध में बठिंडा के सिविल लाइंस थाने में सतनाम सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार आरोपित के खिलाफ फिरोजपुर जिले में पहले से तीन मामले दर्ज हैं। वर्ष 2022 में थाना सदर फिरोजपुर में दर्ज एक मामले में वह जमानत पर बाहर था। इसके अलावा फरवरी में ड्रोन और कारतूस की बरामदगी तथा सितंबर में 6.25 किलोग्राम हेरोइन की बरामदगी से जुड़े मामलों में भी पुलिस को उसकी तलाश थी।
इसी वर्ष जून में भी बठिंडा के उच्च सुरक्षा वाले सैन्य क्षेत्र की कथित जासूसी का मामला सामने आया था। उस दौरान अमृतसर जिले के दो लोगों को गिरफ्तार किया गया था। फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां गिरफ्तार आरोपित से पूछताछ कर उसके संपर्कों और जासूसी तंत्र से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाने में जुटी हैं।
--------------------------------
हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH