बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने सुवेंदु अधिकारी को मुख्यमंत्री बनने पर दी बधाई
नई दिल्ली, 09 मई (हि.स.)। बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री एवं बांग्लादेश अवामी लीग की अध्यक्ष शेख हसीना ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता सुवेंदु अधिकारी के पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पर बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।
शेख हसीना ने शनिवार को बांग्लादेश अवामी लीग के आधिकारिक एक्स हैंडल पर कहा कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भाजपा की शानदार जीत और मुख्यमंत्री पद संभालने पर वह सुवेंदु अधिकारी को अपनी ओर से तथा बांग्लादेश की जनता की ओर से हार्दिक बधाई देती हैं।
हसीना ने कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता का जनादेश सुवेंदु अधिकारी के सशक्त और जनोन्मुखी नेतृत्व में उनके गहरे विश्वास और सम्मान को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल भारत और बांग्लादेश की मित्रता के इतिहास में एक विशेष स्थान रखता है तथा दोनों पक्ष भाषा, संस्कृति और विरासत के साझा संबंधों से जुड़े हैं।
उन्होंने उम्मीद जताई कि सुवेंदु अधिकारी के नेतृत्व में भारत और बांग्लादेश के संबंध नई ऊंचाइयों तक पहुंचेंगे। पड़ोसी होने के नाते बांग्लादेश हमेशा पश्चिम बंगाल की समृद्धि और शांति की कामना करता रहा है। आशा है कि सुवेंदु अधिकारी के कार्यकाल के दौरान हमारे बीच आपसी सहयोग की सुदीर्घ परंपरा और भी अधिक सुदृढ़ होगी। हम दोनों जनता के साझा विकास और कल्याण के लिए मिलकर कार्य करना जारी रखेंगे।
पूर्व प्रधानमंत्री हसीना ने सुवेंदु अधिकारी और पश्चिम बंगाल के नवनिर्वाचित मंत्रिमंडल के सदस्यों के अच्छे स्वास्थ्य, दीर्घायु और सफल कार्यकाल की भी कामना की।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार