नौकरी का प्रलोभन देकर धर्मान्तरण के आराेप में केरल का शख्स गिरफ्तार
बलिया, 23 फ़रवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में बलिया जिले के सिकन्दरपुर कस्बे में धर्म परिवर्तन कराने के आरोप से जुड़े एक मामले में पुलिस ने सोमवार को केरल राज्यवासी एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस मामले की
जांच कर रही है।
दरअसल, पुलिस ने यह कार्रवाई 22 फरवरी को थाना सिकन्दरपुर में दी गई तहरीर और प्रारंभिक जांच के आधार पर की है। अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) दिनेश कुमार शुक्ल ने साेमवार काे बताया कि बजरंग दल के जिला संयोजक प्रतीक कुमार राय ने थाना सिकन्दरपुर में प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया था कि मैनापुर क्षेत्र स्थित डॉ. फरीद के मकान में किराये पर रह रहा एक व्यक्ति स्थानीय लोगों, विशेषकर महिलाओं को कथित रूप से नौकरी का प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित कर रहा है। इसके बाद पुलिस ने सिकंदरपुर पहुंचकर जांच पड़ताल की और आवश्यक दस्तावेज कब्जे में लेकर जोसे थामस पुत्र थामस लुकेस निवासी न्यू पाटलिपुत्र कॉलोनी, पटना (बिहार) को हिरासत में लेकर थाने ले लाई थी। बाद में पुलिस ने धर्मान्तरण के लिए प्रलाेभन देने
के आराेप में जाेसे थामस को गिरफ्तार कर लिया।
एएसपी ने बताया कि आरोपित मूलरुप से केरल का रहने वाला है। उस पर सिकंदरपुर में रहकर धन और नौकरी का प्रलोभन देकर लोगों को ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रेरित करने का आरोप है। आरोपित जोसे ने अब तक पंद्रह-बीस लोगों का धर्मान्तरण कराया है। आरोप हैं कि जोसे थामस हिन्दू-देवी देवताओं को गाली-गलौज कर अपने ईसाई धर्म की महानता व प्रभु ईशु की कृपा बताते हुए लोगों को धन व नौकरी आदि का प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित करता था। इस आरोप की जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि पुलिस जांच के दौरान आरोपित के कब्जे से प्रभु यीशु से संबंधित 124 पुस्तकें, एक डीजे सिस्टम, तीन माइक्रोफोन, दो केबल, एक साउंड बॉक्स, एक पीए सिस्टम तथा एक डेटा केबल बरामद किया है।
-----------------
हिन्दुस्थान समाचार / नीतू तिवारी