दुनिया को 2030 तक बाल विवाह मुक्त बनाने के लिए निर्णायक कदम उठाने होंगेः भुवन ऋभु

 


नई दिल्ली, 28 नवंबर (हि.स.)। जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रेन (जेआरसी) के संस्थापक भुवन ऋभु ने कहा कि 2030 तक दुनिया को बाल विवाह मुक्त बनाने के लिए हर देश को निर्णायक कदम उठाने होंगे।

भुवन ऋभु ने यह बात शुक्रवार को पहली बार मनाए गए ‘बाल, कम उम्र एवं जबरन विवाह के उन्मूलन के लिए अंतरराष्ट्रीय दिवस’ के अवसर पर देशभर में बाल विवाह के खिलाफ एक ऐतिहासिक जन-अभियान के दौरान कही। इस दिन आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में पांच करोड़ से अधिक भारतीयों ने हिस्सा लेकर इस कुप्रथा को जड़ से खत्म करने का संकल्प लिया। इस राष्ट्रव्यापी मुहिम की अगुवाई पांच लाख से अधिक महिला नेतृत्वकर्ताओं और बाल विवाह का दंश झेल चुकी बेटियों ने की।

भुवन ऋभु ने कहा, भारत से शुरू हुआ यह आंदोलन आज पूरी दुनिया के लिए सामूहिक आह्वान बन चुका है। बाल विवाह बच्चों के साथ बलात्कार है और सभ्य समाज में इसकी कोई जगह नहीं हो सकती। पांच लाख से अधिक महिलाओं के नेतृत्व में 6.5 लाख से अधिक बाल विवाह रुकवाकर यह साबित किया गया है कि बदलाव संभव है।

बाल अधिकारों के संरक्षण के लिए काम करने वाले नागरिक समाज नेटवर्क जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रेन (जेआरसी) और उसके सहयोगी संगठनों ने शुक्रवार को केंद्र, राज्य सरकारों और जिला प्रशासन के सहयोग से इन कार्यक्रमों का आयोजन किया। इस दौरान देशभर में मशाल जुलूस, कैंडल मार्च, प्रभात फेरियां और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। अभियान का विशेष फोकस देश के उन 1.33 लाख संवेदनशील गांवों पर रहा, जहां बाल विवाह के मामले सबसे अधिक सामने आते हैं। कार्यक्रमों में सांसदों, विधायकों, जिलाधिकारियों और पुलिस अधीक्षकों सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों ने शिरकत की।

विभिन्न जिलों में आयोजित समारोहों में बाल विवाह से उबर चुकी महिलाओं को सम्मानित किया गया, जिन्होंने अपने संघर्ष की कहानियों से अन्य लड़कियों और अभिभावकों को प्रेरित किया। इस अवसर पर विभिन्न धर्मों के धर्मगुरुओं के साथ-साथ शादी समारोहों से जुड़े पेशेवरों में हलवाई, कैटरर्स, टेंट और बैंड-बाजा संचालक, सजावट कर्मी तथा शादी के कार्ड छापने वाले प्रिंटिंग प्रेस मालिकों ने भी शपथ ली। उन्होंने संकल्प लिया कि वे किसी भी बाल विवाह में सेवाएं नहीं देंगे और ऐसी किसी भी सूचना पर तुरंत प्रशासन को सूचित करेंगे। जागरूकता फैलाने के लिए विभिन्न क्षेत्रों में ‘बाल विवाह मुक्ति रथ’ भी रवाना किए गए।

अंतरराष्ट्रीय दिवस के लिए 27 नवंबर की तारीख चुना जाना वैश्विक स्तर पर भारत की बड़ी कूटनीतिक और सामाजिक उपलब्धि मानी जा रही है। इसी दिन वर्ष 2024 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिला एवं बाल विकास मंत्रालय ने ‘बाल विवाह मुक्त भारत’ अभियान की शुरुआत की थी।

जेआरसी के संस्थापक भुवन ऋभु ने सबसे पहले इसके लिए एक अलग अंतरराष्ट्रीय दिवस की अपील की थी, जिसे उन्होंने मार्च 2026 में संयुक्त राष्ट्र के मंच पर दोहराया। इसके बाद भारत समेत 84 देशों के संयुक्त प्रस्ताव पर संयुक्त राष्ट्र महासभा ने 4 सितंबर 2026 को सर्वसम्मति से 27 नवंबर को अंतरराष्ट्रीय दिवस के रूप में मान्यता दी।

यह अभियान संयुक्त राष्ट्र के सतत विकास लक्ष्य-5 (लैंगिक समानता) के लक्ष्य 5.3 के अनुरूप है, जिसका उद्देश्य वर्ष 2030 तक विश्व स्तर पर बाल विवाह और जबरन विवाह जैसी कुप्रथाओं को पूरी तरह समाप्त करना है।

उल्लेखनीय है कि देश के सभी 782 जिलों में सक्रिय जेआरसी और उसके 300 से अधिक सहयोगी संगठनों ने पिछले तीन वर्षों में 6.5 लाख से अधिक बाल विवाह रुकवाए हैं।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी