देश में बाल विवाह की दर 2005-06 के 47.4 प्रतिशत से घटकर 2023-24 में 20.1 प्रतिशत रह गई: सावित्री ठाकुर
नई दिल्ली, 26 नवम्बर (हि.स.)। केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर ने गुरुवार को राष्ट्रीय परिवार स्वास्थ्य सर्वेक्षण (एनएफएचएस) के आंकड़ों का हवाला देते हुए बताया कि देश में बाल विवाह की दर 2005-06 के 47.4 प्रतिशत से घटकर 2023-24 में 20.1 प्रतिशत रह गई है।
सावित्री ठाकुर ने आज संविधान दिवस और 'बाल, कम उम्र एवं जबरन विवाह के उन्मूलन के लिए पहले अंतरराष्ट्रीय दिवस' की पूर्व संध्या पर दिल्ली के कुसुमपुर पहाड़ी इलाके में बाल विवाह के खिलाफ बड़ा जागरूकता अभियान में यह बात कही।
सावित्री ठाकुर के नेतृत्व में निकाले गए मशाल जुलूस में करीब 2,000 महिलाओं, बच्चों, बाल विवाह से बचाई गई बेटियों और स्थानीय निवासियों ने हिस्सा लिया। इस दौरान लोगों ने दीप जलाकर वर्ष 2030 तक भारत को बाल विवाह मुक्त बनाने का संकल्प लिया।
बाल अधिकारों के संरक्षण के लिए काम करने वाले नेटवर्क 'जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रेन' (जेआरसी) की ओर से आयोजित इस मार्च में सावित्री ठाकुर ने प्रतिभागियों को शपथ दिलाई। लोगों ने प्रण लिया कि वे न तो किसी बाल विवाह में शामिल होंगे और न ही इसे बढ़ावा देंगे, बल्कि कहीं भी ऐसी घटना की सूचना मिलने पर तत्काल संबंधित अधिकारियों को सूचित करेंगे।
सावित्री ठाकुर ने कहा, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2024 में शुरू किए गए 'बाल विवाह मुक्त भारत' अभियान के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। 2024 से अब तक सरकार 6.86 लाख से अधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर 12.5 करोड़ लोगों तक पहुंच चुकी है। इसके साथ ही 'बाल विवाह मुक्त भारत' पोर्टल पर 72 हजार से अधिक बाल विवाह निषेध अधिकारियों का विवरण उपलब्ध है, जिनमें लगभग 60 हजार अधिकारी ग्राम पंचायत स्तर पर नियुक्त हैं। मंत्री ने 'बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ', मिशन वात्सल्य, मिशन शक्ति, सुकन्या समृद्धि योजना और समग्र शिक्षा जैसी सरकारी पहलों के साथ-साथ जमीनी स्तर पर काम करने वाले कार्यकर्ताओं की भूमिका को भी अहम बताया।
जेआरसी के संस्थापक भुवन ऋभु ने कहा कि 2030 तक बाल विवाह का खात्मा अब एक साकार होने वाला लक्ष्य है। 27 नवंबर को अंतरराष्ट्रीय दिवस के रूप में मान्यता मिलना इस दिशा में ऐतिहासिक मोड़ है। उन्होंने कहा कि भारत ने 2026 तक बाल विवाह की दर में 10 प्रतिशत की कमी लाकर दिखाया है कि राजनीतिक इच्छाशक्ति, कानून के प्रभावी क्रियान्वयन और सामाजिक चेतना से बड़ा बदलाव लाया जा सकता है। बाल विवाह को बच्चों के साथ बलात्कार बताते हुए उन्होंने हर देश से इस संकल्प को ठोस कार्रवाई में बदलने का आह्वान किया।
उल्लेखनीय है कि भुवन ऋभु ने बाल विवाह उन्मूलन के लिए एक समर्पित अंतरराष्ट्रीय दिवस घोषित करने की वैश्विक पहल शुरू की थी। मार्च 2026 में संयुक्त राष्ट्र में उनके संबोधन के बाद भारत सहित 84 देशों ने इसका समर्थन किया था, जिसके परिणामस्वरूप 4 सितंबर 2026 को संयुक्त राष्ट्र महासभा ने सर्वसम्मति से 27 नवंबर को इस अंतरराष्ट्रीय दिवस के रूप में घोषित किया।
इस जागरूकता कार्यक्रम में जेआरसी के सहयोगी संगठन एसोसिएशन फॉर वॉलंटरी एक्शन (एवीए), इंडिया चाइल्ड प्रोटेक्शन (आईसीपी), बाल विकास धारा, प्रयास जेएसी, कोसी लोक मंच, बेसिक फाउंडेशन और सहयोग केयर फॉर यू ने भी भागीदारी की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी