बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के दो वर्ष पूरे होने पर 27 नवंबर को कार्यक्रम आयोजित करेगा महिला एवं बाल विकास मंत्रालय

 


नई दिल्ली, 26 नवंबर (हि.स.)। देश में बाल विवाह की कुप्रथा को समाप्त करने के लिए शुरू किए गए ‘बाल विवाह मुक्त भारत’ अभियान के दो वर्ष पूरे होने के अवसर पर महिला एवं बाल विकास मंत्रालय शुक्रवार, 27 नवंबर को राष्ट्रीय स्तर का कार्यक्रम आयोजित करेगा। नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में केंद्र और राज्य सरकारों के प्रतिनिधियों सहित विभिन्न संस्थाओं और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि शामिल होंगे।

मंत्रालय के अनुसार बाल विवाह मुक्त भारत अभियान की शुरुआत 27 नवंबर 2024 को की गई थी। इसका उद्देश्य सरकार और समाज के सभी वर्गों की सामूहिक भागीदारी के माध्यम से देश से बाल विवाह की प्रथा को समाप्त करना है। इस अभियान के तहत जागरूकता बढ़ाने, समुदायों को सक्रिय करने और बाल विवाह रोकने के लिए संस्थागत व्यवस्था मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया है। राष्ट्रीय कार्यक्रम में राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के प्रतिनिधियों, विभिन्न मंत्रालयों और विभागों के अधिकारियों, बाल विवाह निषेध अधिकारियों, बाल कल्याण समितियों के सदस्यों, राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा), नागरिक समाज संगठनों और अन्य संबंधित पक्षों की भागीदारी होगी।

इस अवसर पर अभियान के तहत अब तक हुई प्रगति की समीक्षा की जाएगी। साथ ही जमीनी स्तर पर काम करने वाले अधिकारियों और अन्य संबंधित पक्षों के योगदान को मान्यता दी जाएगी तथा राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों की ओर से बाल विवाह रोकने के लिए शुरू की गई पहलों को भी प्रदर्शित किया जाएगा। कार्यक्रम के माध्यम से बाल विवाह की रोकथाम के प्रयासों को और मजबूत करने पर चर्चा होगी। यह आयोजन इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि संयुक्त राष्ट्र महासभा ने 27 नवंबर को बाल, कम उम्र और जबरन विवाह की समाप्ति के लिए अंतरराष्ट्रीय दिवस घोषित किया है।

अभियान के तहत अब तक देशभर में जागरूकता कार्यक्रम, सामुदायिक संपर्क अभियान और बाल विवाह के खिलाफ शपथ लेने जैसी गतिविधियां आयोजित की गई हैं। इसके अलावा बाल विवाह निषेध अधिकारियों की भूमिका को मजबूत करने, ऐसी घटनाओं की समय पर सूचना देने और लड़कियों की शिक्षा, सशक्तीकरण तथा उनके बेहतर जीवन को बढ़ावा देने पर भी ध्यान दिया गया है।

मंत्रालय ने राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों से अभियान की दूसरी वर्षगांठ पर राज्य, जिला, प्रखंड और ग्राम स्तर पर विशेष जागरूकता गतिविधियां आयोजित करने का आग्रह किया है। इन गतिविधियों में पंचायती राज संस्थाओं, शहरी स्थानीय निकायों, शैक्षणिक संस्थानों, जमीनी स्तर पर काम करने वाले कर्मचारियों, युवाओं, सामुदायिक एवं धार्मिक नेताओं, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों को शामिल करने पर जोर दिया गया है।

इसके तहत विशेष ग्राम सभाओं, जागरूकता अभियानों, बाल विवाह के खिलाफ शपथ कार्यक्रमों और डिजिटल माध्यमों से लोगों को जोड़ने जैसी गतिविधियां आयोजित करने को प्रोत्साहित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य बाल विवाह के खिलाफ स्थानीय स्तर पर लोगों की भागीदारी बढ़ाना और इस सामाजिक कुप्रथा की रोकथाम के लिए सामूहिक प्रयास सुनिश्चित करना है। बाल विवाह मुक्त भारत पोर्टल के माध्यम से नागरिक बाल विवाह की घटनाओं की सूचना दे सकते हैं। इस पोर्टल पर बाल विवाह निषेध अधिकारियों का विवरण उपलब्ध है। इसके अलावा जागरूकता गतिविधियों की जानकारी दर्ज करने और बाल विवाह के खिलाफ शपथ लेने की सुविधा भी दी गई है।

मंत्रालय ने नागरिकों और संस्थाओं से बाल विवाह मुक्त भारत पोर्टल, माईगॉव और माई भारत मंच के माध्यम से अभियान से जुड़ने तथा बाल विवाह समाप्त करने की शपथ लेने की अपील की है। राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित यह कार्यक्रम बाल विवाह समाप्त करने की दिशा में निरंतर, समन्वित और समुदाय आधारित प्रयासों के प्रति देश की प्रतिबद्धता को दोहराएगा। इसका लक्ष्य प्रत्येक बच्चे के लिए सुरक्षित, स्वस्थ, शिक्षित और सशक्त बचपन सुनिश्चित करना है।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार