बांकीपुर उपचुनाव : 20वें चरण तक प्रशांत किशोर 11,621 मतों से आगे, मतगणना जारी
पटना, 03 अगस्त (हि.स.)। बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर हो रहे उपचुनाव की मतगणना के 20वें चरण के बाद जन सुराज के उम्मीदवार प्रशांत किशोर ने अपनी बढ़त और मजबूत कर ली है। भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा दूसरे स्थान पर हैं, जबकि राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की उम्मीदवार रेखा गुप्ता तीसरे स्थान पर चल रही हैं।
20वें चरण तक के रुझानों के अनुसार, जन सुराज के प्रशांत किशोर को 40,169 मत मिले हैं। भाजपा के नीरज कुमार सिन्हा को 28,548 मत प्राप्त हुए हैं, जबकि राजद की रेखा गुप्ता को 10,035 मत मिले हैं। इस तरह प्रशांत किशोर अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी नीरज कुमार सिन्हा से 11,621 मतों की बढ़त बनाए हुए हैं।
निर्वाचन अधिकारियों के अनुसार, बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव की मतगणना कुल 31 चरणों में होनी है। 20 चरण पूरे होने के बाद अभी 11 चरणों की मतगणना शेष है। ऐसे में अंतिम परिणाम आने तक मतों के अंतर में बदलाव की संभावना बनी हुई है।
मतगणना केंद्र पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। सभी उम्मीदवारों और राजनीतिक दलों के अभिकर्ता प्रत्येक चरण की मतगणना पर नजर बनाए हुए हैं। मतगणना के अंतिम चरणों की ओर बढ़ने के साथ ही राजनीतिक दलों और समर्थकों की निगाहें अंतिम परिणाम पर टिकी हुई हैं।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त