गाैरीकुंड पहुंची बाबा केदार की चल विग्रह उत्सव डोली
गुप्त काशी, 20 अप्रैल (हि.स.)। बाबा केदारनाथ की चल विग्रह उत्सव डोली गौरीकुंड पहुंच गई है। यहां रात्रि विश्राम के बाद मंगलवार 21 अप्रैल काे
केदारनाथ पहुंचेगी। बुधवार सुबह 8 बजे पूरे विधिविधान और परंपराओं के साथ धाम के कपाट खाेले जाएंगे। सोमवार को बाबा की डोली पूजा के बाद अपने द्वितीय रात्रि पड़ाव गौरी माई मंदिर गौरीकुंड के लिए रवाना हुई। विभिन्न पड़ावों, बड़ासू, शेरसी, रामपुर, सीतापुर और सोनप्रयाग होते हुए करीब चार बजे सायं गौरीकुंड पहुंची। यहां तीर्थयात्रियाें और श्रद्धालुओं ने फूल मालाओं और वेदोक्त मंत्रों से डाेली का स्वागत किया। इस माैके पर मुख्य पुजारी टी गंगाधर लिंग, डोली प्रभारी किशन द्विवेदी, श्रीकेदारसभा के अध्यक्ष राजकुमार तिवारी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे। डाेली यहां आज रात्रि विश्राम करेगी और कल सुबह बाबा की डाेली प्रस्थान करेगी और दाेपहर तक केदारधाम पहुंच जाएगी। 22 अप्रैल को बाबा केदारनाथ मंदिर के कपाट विधि विधान से प्रातः 8 बजे श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए जायेंगे।
उल्लेखनीय है कि रविवार को ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ में प्रातः वैदिक मंत्रोच्चार पूजा अर्चना के बाद आर्मी बैंड की धुन के बीच बाबा की पंचमुखी उत्सव डोली धाम के लिए रवाना हुई थी। ऊखीमठ से रवाना होकर विभिन्न पड़ावों को पार करते हुए डाेली गुप्तकाशी विश्वनाथ मंदिर पहुंची थी। यहां कुछ देर विश्राम के बाद बाबा की डोली फाटा की ओर रवाना हुई थी। रास्तेभर श्रद्धालुओं ने डोली का स्वागत किया। फाटा से चलकर डोली करीब साढ़े चार बजे सायं अगले पड़ाव गौरीकुंड पहुंची थी। डोली के साथ चल रहे आर्मी की बैंड धुनों पर भक्त झूम कर जगह जगह पर भावविभोर नृत्य कर रहे थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिपिन