अयाेध्या : घर बैठे भी देख सकते हैं प्रभु श्रीराम का सूर्यतिलक, पहुंच चुका है अनुबंधित संस्थाओं का वैज्ञानिक दल

 




अयोध्या, 26 मार्च (हि.स.)। श्रीराम जन्मभूमि मन्दिर में प्रत्येक रामनवमी पर होने वाला श्रीराम लला का सूर्यतिलक इस बार कल नवमी तिथि 27 मार्च शुक्रवार को दोपहर बारह बजे होगा। इसको सम्पन्न कराने के लिए अनुबंधित संस्थाओं का वैज्ञानिक दल पहले ही आ चुका है और समस्त तैयारियां भी पूर्ण हाे चुकी हैं। दूरदर्शन सूर्यतिलक का सीधा प्रसारण करेगा, जिससे अयोध्या न पहुंच पाने वाले श्रद्धालु घर बैठे श्रीराम का जन्मोत्सव देख सकेंगे। तिलक चार मिनट का होगा।

जन्मोत्सव पर प्रभु श्रीरामलला के मंगल स्नान और श्रृंगार के साथ ही प्रातः काल धार्मिक अनुष्ठान प्रारम्भ हो जाएंगे। प्राकट्य के समय दोपहर बारह बजे सूर्य किरणों को वैज्ञानिक विधि से श्री रामलला के ललाट पर तिलक रूप में सुशोभित किया जाएगा। इस पावन अवसर पर छप्पन भोग भी लगेगा और धनिया की पंजीरी का प्रसाद भी बांटा जाएगा। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र की ओर से भव्य आयोजन की और श्रद्धालुओं को सुविधापूर्वक गर्भगृह के समक्ष तक पहुंचाने की तैयारी पूर्ण कर ली गई है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु अयोध्या पहुंचकर विभिन्न मठ मन्दिरों में डेरा डाले हुए हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / पवन पाण्डेय