राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु श्री जन्म भूमि में आज करेंगी श्रीराम यंत्र स्थापना
अयोध्या (उत्तर प्रदेश) , 19 मार्च (हि.स.)। हिंदू नववर्ष (वर्ष प्रतिपदा) और चैत्र नवरात्रि के पहले दिन गुरुवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु रामनगरी अयोध्या पहुंचेंगी। यहां श्रीराम जन्मभूमि मंदिर परिसर में श्रीराम यंत्र की स्थापना करेंगी। साथ ही वैदिक अनुष्ठानों में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लेंगी। यह दौरा राम मंदिर के इतिहास में एक महत्वपूर्ण अध्याय जोड़ेगा, क्योंकि राम यंत्र की स्थापना मंदिर के द्वितीय तल पर होगी, जो आध्यात्मिक और वास्तुशास्त्रीय दृष्टि से अत्यंत पवित्र मानी जाती है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु सुबह करीब 11:10 बजे अयोध्या एयरपोर्ट पर उतरेंगी। यहां उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उनके स्वागत के लिए उपस्थित रहेंगे। भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच राष्ट्रपति सड़क मार्ग से श्रीराम मंदिर परिसर की ओर प्रस्थान करेंगी। एयरपोर्ट से मंदिर तक की यात्रा के दौरान 20 स्थानों पर सांस्कृतिक स्वागत कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। ये मंच रामभक्ति, लोक नृत्य, भजन-कीर्तन और रामायण से प्रेरित प्रस्तुतियों से सजे होंगे, जो पूरे मार्ग को आध्यात्मिक उत्साह से भर देंगे। श्रीराम मंदिर पहुंचने के बाद राष्ट्रपति मंदिर के द्वितीय तल पर स्थित गर्भगृह में श्रीराम यंत्र की विधिवत स्थापना और पूजन करेंगी। वहीं राम मंदिर परिषद में राष्ट्रपति व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का संबोधन कार्यक्रम भी प्रस्तावित हैं।
यह यंत्र वैदिक परंपरा के अनुसार मंदिर की ऊर्जा और दिव्यता को और सशक्त बनाने के लिए स्थापित किया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान मंदिर निर्माण में योगदान देने वाले श्रमिकों और कार्मिकों को भी सम्मानित किया जाएगा। राष्ट्रपति लगभग 3 से 4 घंटे तक मंदिर परिसर में रहेंगी।
इस अवसर पर श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने सैकड़ों संतों, विशिष्ट अतिथियों और हजारों श्रद्धालुओं को आमंत्रित किया है। अयोध्या पूरी तरह से श्रीराम मय हो चुकी है, जहां फूलों की सजावट, दीपों की रोशनी और भक्ति भजनों की ध्वनि से माहौल दिव्य बन गया है। यह दौरा न केवल धार्मिक महत्व का है, बल्कि राष्ट्रपति के रूप में द्रौपदी मुर्मु का रामनगरी में दूसरा प्रमुख आगमन होने से देशभर में उत्साह का माहौल है।
हिन्दुस्थान समाचार / पवन पाण्डेय