विहिप के हितचिंतक अभियान से जुड़े असम एवं त्रिपुरा के मुख्यमंत्री व सत्राधिकार
-विहिप का हितचिंतक अभियान छह दिसंबर तक चलेगा, पूर्वोत्तर में पांच लाख लोगों को जोड़ने का लक्ष्य- 22 नवंबर से शुरू हुआ तीन वर्षीय हितचिंतक अभियान, घर-घर जाकर लोगों से किया जा रहा संपर्क-असम और त्रिपुरा के मुख्यमंत्रियों सहित कई प्रतिष्ठित हस्तियां बनीं हितचिंतक
गुवाहाटी, 29 नवंबर (हि.स.)। विश्व हिन्दू परिषद (विहिप) की ओर से देशभर में चलाया जा रहा हितचिंतक अभियान छह दिसंबर तक जारी रहेगा। 22 नवंबर से शुरू हुए इस अभियान के तहत पूर्वोत्तर क्षेत्र में पांच लाख लोगों को हितचिंतक बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अभियान के माध्यम से हिन्दू समाज को एकजुट करने और उसके सामाजिक एवं सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है।
विहिप के उत्तर पूर्व क्षेत्र के संगठन मंत्री दिनेश कुमार तिवारी ने हिन्दुस्थान समाचार से बातचीत में अभियान की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विहिप की स्थापना वर्ष 1964 में हुई थी। स्थापना के समय ही यह मान लिया गया था कि समस्त हिन्दू समाज विहिप का सदस्य है। इसी कारण संगठन में सदस्यता बनाने की परंपरा नहीं है। इसके स्थान पर प्रत्येक तीन वर्ष में देशव्यापी हितचिंतक अभियान चलाया जाता है, जिसके माध्यम से हिन्दू समाज के हितों और उसकी आवश्यकताओं को लेकर जागरूकता पैदा की जाती है।
दिनेश तिवारी ने बताया कि इस अभियान से जुड़ने वालों में असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा, त्रिपुरा के मुख्यमंत्री डॉ. मानिक साहा, उत्तर कमलाबारी सत्र (मठ) के सत्राधिकार श्रीश्री जनार्दन देव गोस्वामी सहित विभिन्न सत्रों के सत्राधिकार और अलग-अलग क्षेत्रों की कई प्रतिष्ठित हस्तियां शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि मात्र 20 रुपये का शुल्क देकर कोई भी व्यक्ति हितचिंतक बन सकता है। इसके लिए नकद या ऑनलाइन माध्यम से भुगतान की व्यवस्था है। शुल्क जमा करने के बाद संबंधित व्यक्ति को एक कूपन दिया जाता है।
दिनेश कुमार तिवारी के अनुसार, 15 वर्ष या उससे अधिक आयु का कोई भी पुरुष अथवा महिला हितचिंतक बन सकता है। अभियान के तहत राजनीतिक, धार्मिक, आर्थिक, सामाजिक और बौद्धिक क्षेत्रों से जुड़े लोग भी बड़ी संख्या में जुड़ रहे हैं। देशभर में विभिन्न स्तरों पर अभियान चलाया जा रहा है और विहिप कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों से संपर्क कर उन्हें हितचिंतक बनने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि इस बार पूरे पूर्वोत्तर क्षेत्र में पांच लाख हितचिंतक बनाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए लगातार जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है। लोगों में अभियान को लेकर खासा उत्साह है।
दिनेश तिवारी ने कहा कि अभियान से जुड़ने वाले कई लोग 20 रुपये के निर्धारित शुल्क से अधिक राशि देने की इच्छा जताते हैं, लेकिन ऑनलाइन माध्यम से केवल 20 रुपये ही स्वीकार किए जाते हैं। इसे लेकर लोगों में उत्सुकता भी देखी जा रही है। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य हिन्दू समाज में आपसी भाईचारे को बढ़ावा देना तथा सामाजिक और सांस्कृतिक बंधनों को मजबूत करने के प्रति लोगों को जागरूक करना है।-----------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय