(अपडेट) असम : रंगिया के प्राथमिक विद्यालय परिसर में पाकिस्तानी झंडा मिलने से तनाव, जांच शुरू
कामरूप (असम), 31 मई (हि.स.)। असम के रंगिया क्षेत्र में स्थित निज हचंग प्राथमिक विद्यालय के परिसर में पाकिस्तानी झंडा मिलने से स्थानीय स्तर पर तनाव का माहौल बन गया। घटना सामने आने के बाद इलाके में लोगों के बीच आक्रोश देखा गया और प्रशासन ने तुरंत जांच शुरू कर दी है।
इस बीच स्थानीय बजरंग दल इकाई ने रविवार को इस घटना के संबंध में 12 घंटा रंगिया बंद की घोषणा की है। बंद का प्रभाव भी कुछ हिस्सों में देखा जा रहा है। हालांकि, किसी भी अप्रिय घटना की कोई सूचना सामने नहीं आई है। पुलिस और प्रशासन स्थिति को सामान्य बनाने के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किेए हैं।
जानकारी के अनुसार, प्रथामिक विद्यालय परिसर में ही आंगनबाड़ी केंद्र भी संचालित होता है। आंगनबाड़ी केंद्र के सामने एक ऊंचे स्थान पर शनिवार को पाकिस्तानी झंडा लगा हुआ पाया गया। इसकी सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और विभिन्न संगठनों के सदस्य मौके पर पहुंच गए और घटना की निंदा करते हुए उच्चस्तरीय जांच की मांग की।
घटना की जानकारी पुलिस को दी गई, जिसके बाद रंगिया पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने पाकिस्तानी झंडा को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
इस दौरान कुछ संगठनों ने घटना के विरोध में प्रदर्शन भी किया और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है ताकि आरोपितों की पहचान की जा सके।
प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए कहा है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कानून के तहत कार्रवाई की जाएगी।
-----------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय