असम विधानसभा चुनाव-2026: राजग में सीट बंटवारे पर सहमति, भाजपा 89 सीटों पर लड़ेगी चुनाव

 


नई दिल्ली, 17 मार्च (हि.स.)। मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने आगामी असम विधानसभा चुनाव-2026 को लेकर कहा है कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के भीतर सीटों के बंटवारे का फार्मूला लगभग तय हो गया है। इसके तहत असम गण परिषद (अगप) 26 सीटों पर, बोडोलैंड पीपल्स फ्रंट (बीपीएफ) 11 सीटों पर और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) शेष 89 सीटों पर चुनाव लड़ेगी।

नई दिल्ली में हुई अहम बैठक के बाद मंगलवार को पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री सरमा ने बताया कि चर्चा मुख्य रूप से भाजपा और उसके सहयोगी दलों के बीच गठबंधन की रणनीति और सीटों के तालमेल पर केंद्रित रही। उन्होंने कहा कि इस संबंध में जानकारी सोशल मीडिया के माध्यम से भी साझा की गई है।

डॉ. सरमा ने बताया कि बैठक में भाजपा, बीपीएफ और अगप के बीच चुनावी तालमेल को अंतिम रूप देने के साथ-साथ उम्मीदवारों के चयन पर भी विचार-विमर्श किया गया। उन्होंने कहा कि भाजपा का केंद्रीय संसदीय बोर्ड बुधवार शाम 7 बजे बैठक कर उम्मीदवारों की सूची को अंतिम रूप देगा।

मुख्यमंत्री के अनुसार, उम्मीदवारों की पहली सूची जल्द ही जारी कर दी जाएगी। संभवतः देर रात या अगली सुबह तक। उन्होंने संकेत दिया कि इस बार सूची में कई नए चेहरों को मौका मिलेगा, जिनमें विशेष रूप से महिलाएं और युवा नेता शामिल होंगे। यह पार्टी के भीतर व्यापक प्रतिनिधित्व को बढ़ाने की दिशा में एक कदम माना जा रहा है।

परिसीमन का असर भी इस चुनाव में देखने को मिल सकता है। मुख्यमंत्री ने बताया कि हाल ही में हुए परिसीमन के कारण कई निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं बदली हैं, जिसके चलते कुछ मौजूदा विधायकों के टिकट कट सकते हैं।

मुख्यमंत्री की इस घोषणा से साफ है कि सत्ताधारी गठबंधन ने असम विधानसभा चुनाव-2026 के लिए अपनी तैयारियों को अंतिम चरण में पहुंचा दिया है और जल्द ही उम्मीदवारों की आधिकारिक घोषणा होने की उम्मीद है।----------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय