(अपडेट) असमः इंडस्ट्रियल यूनिट में सिलेंडर विस्फोट में मृत चारों श्रमिकों की हुई शिनाख्त
कछार (असम), 26 जुलाई (हि.स.)। असम के कछार जिले के उधारबंद क्षेत्र अंतर्गत पनग्राम स्थित एक रॉड निर्माण कंपनी में रविवार को हुए सिलेंडर विस्फोट में जान गंवाने वाले चारों श्रमिकों की पहचान कर ली गई है। हादसे में चार श्रमिकों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मृतकों की पहचान किरण मुंडा, अगनू बोरिक, श्यामल गौड़ और सागर नाथ के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, विस्फोट उस समय हुआ जब श्रमिक फैक्ट्री में काम कर रहे थे। धमाका इतना भीषण था कि घटनास्थल पर भगदड़ मच गई और कई श्रमिक इसकी चपेट में आ गए।
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों, पुलिस और प्रशासन की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल कई श्रमिकों को बेहतर इलाज के लिए सिलचर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसएमसीएच) रेफर किया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
सूचना मिलते ही पुलिस और जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने फैक्ट्री परिसर को अपने कब्जे में लेकर विस्फोट के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर सिलेंडर फटने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारण का खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।
प्रशासन ने बताया कि घटना की विस्तृत जांच की जा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि फैक्ट्री में सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल घटना से जुड़े अन्य तथ्यों और घायलों की स्थिति के संबंध में विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा है।-----------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय