(अपडेट) प्रधानमंत्री मोदी से मिले हिमंत सरमा, असम में बाढ़ के बाद पुनर्वास और पुनर्निर्माण पर की चर्चा
गुवाहाटी, 20 अगस्त (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने गुरुवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की और राज्य में बाढ़ के बाद जारी पुनर्वास एवं पुनर्निर्माण कार्यों तथा विकास के एजेंडे पर चर्चा की।
साउथ ब्लॉक स्थित सेवा तीर्थ में हुई मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री सरमा ने प्रधानमंत्री को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के पुनर्निर्माण, लोगों की आजीविका बहाल करने और व्यापक स्तर पर पुनर्वास सुनिश्चित करने के लिए असम सरकार की आगामी कार्ययोजना से अवगत कराया।
मुख्यमंत्री हिमंत सरमा ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में बताया कि बाढ़ संकट के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी लगातार स्थिति पर नजर रखते रहे और हरसंभव सहायता प्रदान करते रहे। प्रधानमंत्री ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के पुनर्वास और पुनर्निर्माण के प्रयासों को पूरा करने में केंद्र सरकार के निरंतर सहयोग का भरोसा दिलाया।
डॉ. सरमा ने प्रधानमंत्री को राज्य सरकार के कार्यकाल के पहले 100 दिनों में शुरू की गई प्रमुख पहलों की भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इन पहलों का उद्देश्य असम की जनता द्वारा दिए गए जनादेश को पूरा करना है।
बैठक में राज्य की व्यापक विकास प्राथमिकताओं पर भी चर्चा हुई। इनमें आर्थिक विकास को गति देना, बुनियादी ढांचे को मजबूत करना, सार्वजनिक सेवाओं की बेहतर आपूर्ति और लोगों के लिए रोजगार एवं अवसरों का विस्तार शामिल है।
हिमंत सरमा ने प्रधानमंत्री के निरंतर मार्गदर्शन और सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए विकसित असम के साझा लक्ष्य को साकार करने के प्रति प्रतिबद्धता जताई।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश