बाढ़ प्रभावित प्रत्येक परिवार को केंद्र सरकार देगी हरसंभव आर्थिक सहायता : जेपी नड्डा
गुवाहाटी, 05 अगस्त (हि.स.)। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा ने बुधवार को असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा के साथ शिवसागर, चराइदेव और जोरहाट जिलों के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर हालात का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने प्रभावित परिवारों को हरसंभव आर्थिक सहायता देने का आश्वासन दिया।
शिवसागर जिले के सबसे अधिक प्रभावित नेपालीखूटी क्षेत्र का निरीक्षण करने के बाद नड्डा ने कहा कि इस अभूतपूर्व बाढ़ ने जनजीवन, आजीविका और बुनियादी ढांचे को भारी नुकसान पहुंचाया है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार प्रत्येक प्रभावित परिवार को व्यापक आर्थिक सहायता उपलब्ध कराएगी तथा राहत, पुनर्वास और पुनर्निर्माण के लिए हरसंभव सहयोग करेगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि संकट की इस घड़ी में केंद्र सरकार असम के लोगों के साथ मजबूती से खड़ी है।
शाम को डिब्रूगढ़ स्थित असम सचिवालय में जेपी नड्डा, मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा और वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित होगी, जिसमें ऊपरी असम के बाढ़ हालात की विस्तृत समीक्षा की जाएगी।
बताया गया कि शिवसागर, चराइदेव और जोरहाट में आई बाढ़ का मुख्य कारण नगालैंड के मोन जिले से आया जल प्रवाह है। असम के दौरे के बाद केंद्रीय मंत्री मोन जिले का भी दौरा कर वहां की स्थिति का आकलन किया।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने कहा कि नेपालीखूटी क्षेत्र के अधिकांश लोग पशुपालन पर निर्भर हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि जिन परिवारों के मवेशी बाढ़ में बह गए हैं, उन्हें राज्य सरकार समान संख्या में पशु उपलब्ध कराएगी। साथ ही जिनके घर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं, उनके लिए स्थायी आवास का निर्माण कराया जाएगा।
पिछले तीन दिनों से शिवसागर, चराइदेव और जोरहाट में राहत एवं पुनर्वास कार्यों की लगातार निगरानी कर रहे मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता क्षतिग्रस्त सार्वजनिक ढांचे और आवश्यक सेवाओं की शीघ्र बहाली है। उन्होंने लोगों से धैर्य बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि सरकार इस कठिन समय में उनके साथ पूरी मजबूती से खड़ी है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को नुकसान का पारदर्शी और व्यापक आकलन करने के निर्देश दिए ताकि सभी पात्र परिवारों को समय पर सहायता मिल सके।
इस बीच, भाजपा असम प्रदेश के प्रवक्ता डॉ. देवजीत महंत ने कहा कि विधायक अखिल गोगोई द्वारा मुख्यमंत्री के राहत कार्यों की सराहना करना संकट की घड़ी में सकारात्मक राजनीति का उदाहरण है। उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि वह राहत कार्यों के बजाय राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप में लगी हुई है। महंत ने कांग्रेस से यह भी पूछा कि उसने शिवसागर, चराइदेव और जोरहाट के बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए बतौर राजनीतिक दल क्या ठोस मानवीय सहायता उपलब्ध कराई है।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश