रिनिकी भुइयां शर्मा के कथित पासपोर्ट मामले में कांग्रेस के आरोप निराधार, सभी दस्तावेज फर्जी: पबित्र मार्घेरिटा

 


गुवाहाटी, 07 अप्रैल (हि.स.)। केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री पबित्र मार्घेरिटा ने मंगलवार को कांग्रेस द्वारा लगाए गए आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा की पत्नी रिनिकी भुइयां शर्मा के नाम पर प्रस्तुत किए गए सभी पासपोर्ट पूरी तरह से फर्जी हैं और उन पर लगाए गए आरोप निराधार हैं।

एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए मार्घेरिटा ने कहा कि भारत सरकार ने आधिकारिक जांच के बाद कांग्रेस द्वारा दिखाए गए सभी दस्तावेजों को फर्जी घोषित कर दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि रिनिकी भुइयां शर्मा के संयुक्त अरब अमीरात, मिस्र और एंटीगुआ और बारबुडा के पासपोर्ट होने के दावे पूरी तरह गलत और भ्रामक हैं।

मार्घेरिटा ने बताया कि उक्त देशों की सरकारों ने भी औपचारिक रूप से भारत सरकार को सूचित किया है कि संबंधित पासपोर्ट असली नहीं हैं। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जांच आधिकारिक माध्यमों से की जा चुकी है और इसमें किसी भी प्रकार की सच्चाई नहीं पाई गई है।

उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि इस तरह के भ्रामक आरोप केवल जनता को गुमराह करने के लिए लगाए जा रहे हैं। साथ ही उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ हर मुद्दे की जांच करने के लिए प्रतिबद्ध है।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश