असम में भाजपा का संकल्प पत्र जारी करने के दौरान असमिया परिधान में दिखीं निर्मला सीतारमण
नई दिल्ली, 31 मार्च (हि.स.)। असमिया संस्कृति का पारंपरिक पहनावा और खानपान सदैव लोगों को आकर्षित करता रहा है। इसकी झलक मंगलवार को उस समय देखने को मिली, जब केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण असम विधानसभा चुनाव 2026 के लिए भाजपा का संकल्प पत्र जारी करने गुवाहाटी स्थित पार्टी मुख्यालय पहुंचीं।
संकल्प पत्र विमोचन समारोह में शामिल हुईं वित्त मंत्री का परिधान पूरी तरह पारंपरिक असमिया था। “मूंगा” रेशम से निर्मित सुनहरे रंग का “मेखेला चादर” पहनकर वह मंच पर पहुंचीं। उनके पहनावे को देखकर उपस्थित लोग असम की समृद्ध संस्कृति और परंपरा पर गर्व महसूस करते हुए उनकी सराहना करते नजर आए।
संकल्प पत्र जारी करने के बाद केंद्रीय मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि भाजपा का घोषणा पत्र असम में एक दशक के परिवर्तन पर आधारित है।
समारोह में केंद्रीय मंत्री सर्वानंद सोनोवाल और मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप सैकिया एवं अन्य लोग उपस्थित थे।
इससे पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भी कई मौके पर असमिया गामोछा धारण कर उसे वैश्विक पहचान दिला चुके हैं। अब वित्त मंत्री सीतारमण ने भी असमिया महिलाओं के पारंपरिक परिधान को नई पहचान देने का कार्य किया है।
मेखेला चादर
असम की महिलाओं का पारंपरिक दो-पीस वाला परिधान है, जो साड़ी जैसा दिखता है। इसमें एक कमर से नीचे पहनी जाने वाली स्कर्टनुमा मेखेला और ऊपर कंधे पर लपेटी जाने वाली चादर (ओढ़नी) होती है। यह मूगा सिल्क, पाट सिल्क या सूती कपड़े से बनी होती है। इसे साड़ी की तुलना में पहनना बहुत आसान और आरामदायक माना जाता है। यह परिधान पारंपरिक समारोहों, विशेषकर बिहू और शादियों में बेहद लोकप्रिय है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय