भाजपा में शामिल होने के बाद प्रद्युत बरदलै का कांग्रेस पर हमला, समुदायों की उपेक्षा का लगाया आरोप
गुवाहाटी/नई दिल्ली, 18 मार्च (हि.स.)। पूर्व कांग्रेस सांसद प्रद्युत बरदलै ने बुधवार को भाजपा में शामिल होने के बाद अपनी पूर्व पार्टी कांग्रेस पर तीखा हमला करते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस में जनजातियों और विभिन्न समुदायों के प्रति कोई सम्मान नहीं है।
नई दिल्ली में पत्रकारों से बातचीत करते हुए प्रद्युत बरदलै ने कहा कि कांग्रेस की उपेक्षापूर्ण नीति के कारण विभिन्न समुदाय उससे दूर हो गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी ने समाज के विभिन्न वर्गों की समस्याओं को नजरअंदाज किया, जिसके चलते उसका जनाधार कमजोर होता गया।
उन्होंने कहा, “कांग्रेस किसी की परवाह नहीं करती। सभी समुदायों को नजरअंदाज करने की वजह से आज उसकी यह स्थिति हो गई है।”
सांसद प्रद्युत बरदलै ने आगे कहा कि कांग्रेस नेतृत्व और जमीनी स्तर के लोगों के बीच दूरी लगातार बढ़ती गई, जिसके कारण नेता और समर्थक पार्टी से दूर होते चले गए। इस दौरान कांग्रेस सांसद ने पार्टी पर कई अन्य आरोप लगाए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश