असम में सात करोड़ की हेरोइन बरामद, चार महिला समेत पांच गिरफ्तार

 


गुवाहाटी, 25 अप्रैल (हि.स.)। असम में कामरूप जिले के अमीनगांव में पुलिस ने खुफिया सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए लगभग 7 करोड़ रुपये के मादक पदार्थ के साथ चार महिलाओं समेत पांच तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस पांचों तस्करों से गहन पूछताछ कर रही है।

असम पुलिस मुख्यालय के सीपीआरओ ने शनिवार को बताया कि खुफिया सूचना के आधार पर पुलिस ने मणिपुर के चुराचांदपुर निवासी मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल डेमथांग हाओकिप (36) को उसके अन्य चार महिला तस्करों के साथ अमीनगांव में गिरफ्तार किया। चारों महिला अमीनगांव में नशीले पदार्थों की डिलीवरी करने पहुंची थी, जहां से उसे निचले असम के विभिन्न ज़िलों में भेजा जाना था।

महिला मादक पदार्थ तस्करों के कब्ज़े से हेरोइन भरे प्लास्टिक के 62 साबुनदानी बरामद किए गए। हेरोइन का वजन (बिना साबुनदानी के) 837 ग्राम पाया गया। नशीले पदार्थ की अनुमानित बाजार कीमत 7 करोड़ रुपये आंकी गयी है।

गिरफ्तार महिला तस्करों की पहचान लाम नेइकिम (25, चुराचांदपुर, मणिपुर), होइनेइगाह (24, चुराचांदपुर, मणिपुर), किम नेइथेन (36, चुराचांदपुर, मणिपुर) और नगाह पी (30, चुराचांदपुर, मणिपुर) के रूप में की गयी है। पुलिस इस संबंध में एक प्राथमिकी दर्ज कर आगे की जांच जारी रखे हुए है।----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय