मुंबई में शुरू हुआ आईआईसीटी का पहला कैंपस, स्थायी कैंपस पर काम जारी : अश्विनी वैष्णव
नई दिल्ली, 22 सितंबर (हि.स.)।
केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मंगलवार को 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह में कहा कि मुंबई में इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ क्रिएटिव टेक्नोलॉजीज (आईआईसीटी) का पहला कैंपस शुरू किया गया है। वेव्स समिट के तुरंत बाद शुरू हुए इस संस्थान के स्थायी कैंपस पर भी काम चल रहा है।
गुजरात के एकता नगर में पहली बार आयोजित हुए सम्मान समारोह में उन्होंने बताया कि फिलहाल राष्ट्रीय फिल्म विकास निगम (एनएफडीसी) की इमारत में आईआईसीटी संचालित हो रहा है और अब तक 13 कोर्स में 380 छात्र दाखिला ले चुके हैं। खास बात यह है कि इन सभी पाठ्यक्रमों को इंडस्ट्री की जरूरतों के अनुरूप तैयार किया गया है। इनमें नई तकनीक और अत्याधुनिक शिक्षा पर विशेष जोर दिया गया है।
वैष्णव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशभर के 15,000 क्रिएटिव युवाओं को इस तरह के प्रशिक्षण से जोड़ने को मंजूरी दी है। इसका उद्देश्य युवाओं को नई तकनीक सीखने, अपनी रचनात्मक प्रतिभा को बाजार तक पहुंचाने और भारत की विविध संस्कृति को देश-दुनिया के सामने प्रस्तुत करने का अवसर देना है।
कच्ची प्रतिभाओं की पहचान पर जोर
केंद्रीय मंत्री ने फिल्म जगत से जुड़े लोगों से ऐसी प्रतिभाओं की पहचान के लिए कार्यक्रम बनाने का आग्रह किया, जिन्हें बड़े शहरों में आने या फिल्म इंडस्ट्री की बड़ी हस्तियों से मार्गदर्शन पाने का अवसर नहीं मिल पाता। उन्होंने कहा कि सप्ताहांत में ऐसे युवाओं की कच्ची प्रतिभा को पहचानकर उन्हें आगे बढ़ाने के लिए कार्यक्रम शुरू किया जा सकता है। इस पहल में फिल्म गीतकार प्रसून जोशी के साथ मिलकर काम करने की बात भी उन्होंने कही।
अगले साल अक्टूबर में होगा वेव्स 2027
अश्विनी वैष्णव ने बताया कि वेव्स 2027 का आयोजन अगले साल अक्टूबर में किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वेव्स समिट के बाद शुरू किए गए विभिन्न कार्यक्रमों का फॉलो-अप अच्छे तरीके से चल रहा है और वेव्स के माध्यम से क्रिएटिव क्षेत्र में लोगों को बाजार और नए अवसर मिल रहे हैं।
उन्होंने फिल्म और क्रिएटिव इंडस्ट्री से जुड़े लोगों से अपने सुझाव साझा करने की अपील करते हुए कहा कि वेव्स को ऐसी संस्था के रूप में विकसित किया जाना चाहिए, जो आने वाले कई वर्षों तक भारत की क्रिएटिव दुनिया के लिए अवसरों का मंच बनी रहे।
इस मौके पर उन्होंने राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार जीतने वालों को बधाई दी ।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी