अरुणाचल : जेपी नड्डा ने केयी पान्योर में राहत एवं पुनर्वास कार्यों की समीक्षा की

 


ईटानगर, 6 अगस्त (हि.स.)। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा ने गुरुवार को अरुणाचल प्रदेश के केयी पान्योर जिले के पोसा और नॉर्थ ईस्टर्न इलेक्ट्रिक पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (निपको) कॉलोनी का दौरा कर 24 जून को हुई बादल फटने और अचानक आई बाढ़ से हुए नुकसान का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने राहत, पुनर्वास और बहाली कार्यों की समीक्षा भी की।

दौरे के दौरान केंद्रीय मंत्री के साथ राज्य के शहरी मामलों के मंत्री बालो राजा, स्थानीय विधायक टोको तातुंग, केयी पान्योर जिले की उपायुक्त अंकिता मिश्रा तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

विधायक टोको तातुंग ने केंद्रीय मंत्री को आपदा से सार्वजनिक बुनियादी ढांचे और निजी संपत्तियों को हुए व्यापक नुकसान की जानकारी दी। उन्होंने प्रभावित लोगों की समस्याओं से अवगत कराते हुए नड्डा के दौरे के लिए आभार जताया और उम्मीद व्यक्त की कि केंद्र सरकार के सहयोग से राहत, पुनर्वास और पुनर्निर्माण कार्यों में तेजी आएगी।

उपायुक्त अंकिता मिश्रा ने जिला प्रशासन द्वारा किए गए राहत एवं पुनर्वास कार्यों का ब्यौरा प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि नेशनल हाईवे-13 के कई हिस्सों में सड़कें और पुल गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हुए हैं। यह राजमार्ग अरुणाचल प्रदेश के छह जिलों को जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग है, इसलिए इसकी शीघ्र बहाली आवश्यक है।

वहीं, निपको यज़ाली के प्रोजेक्ट हेड मुनिन चौधरी ने अचानक आई बाढ़ से निपको कॉलोनी और परियोजना के बुनियादी ढांचे को हुए भारी नुकसान की जानकारी देते हुए परिचालन दोबारा शुरू करने में आ रही चुनौतियों से केंद्रीय मंत्री को अवगत कराया।

दौरे के दौरान जेपी नड्डा ने आपदा प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और केंद्र सरकार की ओर से हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार अरुणाचल प्रदेश के लोगों के साथ मजबूती से खड़ी है और प्रभावित क्षेत्रों में क्षतिग्रस्त बुनियादी ढांचे के पुनर्निर्माण, परिवारों के पुनर्वास तथा सामान्य जनजीवन जल्द बहाल करने के लिए हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाएगा।

केंद्रीय मंत्री का यह दौरा आपदा प्रभावित क्षेत्रों में राहत और पुनर्वास कार्यों की प्रगति की समीक्षा तथा प्रभावित लोगों को समयबद्ध सहायता सुनिश्चित करने की दिशा में केंद्र सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

हिन्दुस्थान समाचार / तागू निन्गी